Jdnews vision…..
गाजियाबाद, (श्रवण कुमार): : जिले के दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13 से 17 जुलाई तक जनपद में विशेष चिन्हांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँड़द की पहल पर आयोजित इन शिविरों में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) के सहयोग से पात्र दिव्यांगजनों का विभिन्न सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होंगे। इस दौरान मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, सामान्य ट्राइसाइकिल, इलेक्ट्रिक एवं सामान्य व्हीलचेयर, कृत्रिम हाथ-पैर, कैलीपर्स, बैसाखी, वॉकर, स्मार्ट केन, श्रवण यंत्र, ब्रेल किट, एमआर किट और लेप्रोसी किट सहित विभिन्न उपकरणों के लिए पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
इस बार विशेष व्यवस्था के तहत 80 प्रतिशत से कम दिव्यांगता वाले पात्र दिव्यांगजन भी सीएसआर फंड के माध्यम से मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल के लिए चिन्हित किए जाएंगे। वहीं 60 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र लाभार्थियों का इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर के लिए भी चिन्हांकन होगा।
शिविर 13 जुलाई को लोनी नगर पालिका परिषद, 14 जुलाई को भोजपुर विकास खंड परिसर, 15 जुलाई को मुरादनगर विकास खंड परिसर तथा 16 और 17 जुलाई को विकास भवन, गाजियाबाद में आयोजित किए जाएंगे।
मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल के लिए आवेदक की आयु 16 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। दोनों हाथ कार्यशील होने, दृष्टि एवं मानसिक स्थिति सामान्य होने तथा पिछले पांच वर्षों में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल का लाभ न लिया होना आवश्यक है।
आवेदन के लिए आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड अथवा दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और पासपोर्ट आकार का नवीनतम फोटो साथ लाना होगा। ग्रामीण क्षेत्र के आवेदकों की वार्षिक आय ₹46,080 तथा शहरी क्षेत्र के आवेदकों की वार्षिक आय ₹56,460 तक निर्धारित की गई है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजन इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठा सकें।
Jd News Vision