Breaking News

60 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले पत्रकारों को मिले पेंशन : पत्रकारों ने उठाई मांग….

Jdnews Vision….

संतोष कुमार गुप्ता….

*गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने सूचना निदेशक विशाल सिंह को सौंपा मांग पत्र…

*पत्रकारों के सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा के लिए पेंशन योजना लागू करने की मांग….

 

गोरखपुर : : पत्रकारों को भी 60 वर्ष की उम्र पूरी करने के बाद पेंशन की सुविधा दिए जाने की मांग को लेकर गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को लखनऊ पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने सूचना निदेशक विशाल सिंह से उनके कार्यालय में मुलाकात कर पत्रकारों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न मांगों को रखा तथा उन्हें मांग पत्र सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी और मान्यता प्राप्त समिति के अध्यक्ष अरविंद राय ने किया। उनके साथ प्रेस क्लब के अन्य सहयोगी भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पत्रकार लंबे समय तक समाज और लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। विषम परिस्थितियों, सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बीच पत्रकारिता करते हुए वे जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार सामने लाते हैं। ऐसे में उम्र के उस पड़ाव पर, जब नियमित रूप से काम करना कठिन हो जाता है, पत्रकारों के लिए सामाजिक सुरक्षा की ठोस व्यवस्था होना जरूरी है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग पत्र के माध्यम से कहा कि जिस तरह समाज के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय तक सेवा देने वाले लोगों के लिए पेंशन और सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था है, उसी तरह पत्रकारों के लिए भी सम्मानजनक पेंशन योजना लागू की जानी चाहिए। 60 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले पात्र पत्रकारों को नियमित पेंशन का लाभ दिया जाए, जिससे बढ़ती उम्र में उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

पत्रकार प्रतिनिधियों ने कहा कि पत्रकारिता का स्वरूप लगातार बदल रहा है। समाचार संकलन से लेकर घटनास्थल पर रिपोर्टिंग तक पत्रकारों को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। कई पत्रकार अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन और समाज के सामने उठाने में लगा देते हैं। इसके बावजूद सेवानिवृत्ति अथवा अधिक उम्र में उनके लिए कोई व्यापक सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। ऐसे में पेंशन की मांग पत्रकारों के हित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

प्रतिनिधिमंडल ने सूचना निदेशक विशाल सिंह के समक्ष पत्रकारों की समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा। उन्होंने मांग पत्र लेते हुए पत्रकारों की मांगों को गंभीरता से सुना। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को शासन स्तर तक पहुंचाकर सकारात्मक पहल की जाएगी।

गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी ने कहा कि पत्रकार समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज को शासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों के भविष्य और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले पात्र पत्रकारों को पेंशन दिए जाने की व्यवस्था पत्रकार हित में महत्वपूर्ण कदम होगी।

मान्यता प्राप्त समिति अध्यक्ष अरविंद राय ने कहा कि पत्रकारों की यह मांग किसी व्यक्तिगत लाभ की नहीं, बल्कि पत्रकार समुदाय की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी है। लंबे समय तक पत्रकारिता करने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को उम्र के इस पड़ाव पर सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने सरकार से पत्रकारों के लिए 60 वर्ष की उम्र के बाद पेंशन की व्यवस्था लागू करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पत्रकारों के हित से जुड़े इस मुद्दे पर आगे भी शासन स्तर पर संवाद जारी रखा जाएगा। पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और कल्याण से संबंधित मांगों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी, मान्यता प्राप्त समिति अध्यक्ष अरविंद राय सहित अन्य पत्रकार एवं सहयोगी मौजूद रहे।

About admin

Check Also

क्रेडिट कार्ड दिलाने के नाम पर भी 1:38 लाख की ठगी…

Jdnews Vision….. शैलेन्द्र सिंह चौहान…… लखनऊ : : क्रेडिट कार्ड दिलाने के नाम पर वरिष्ठ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *