आधुनिक रैन बसेरे के भूमि का पूजन सम्पन्न…

जेडी न्यूज विजन…..

अयोध्या : : कल्याणम करोति के मुख्य संरक्षक परम पूज्य महंत नृत्यगोपाल दास महाराज के 88वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर एक सेवा भाव से ओतप्रोत आयोजन संपन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर परम पूज्य महंत श्री कमल नयन शास्त्री एवं अन्य संतजन के करकमलों द्वारा श्री मणिराम दास छावनी सेवा ट्रस्ट तथा कल्याणम करोति, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में संचालित श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय, अयोध्या में प्रस्तावित आधुनिक रैन बसेरे हेतु विधिविधान से भूमि पूजन वर्तमान परिसर में संपन्न किया गया।

यह रैन बसेरा विशेष रूप से उन ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले नेत्र रोगियों एवं उनके सहयोगियों के लिए प्रस्तावित है, जिन्हें उपचार के दौरान रात्रि विश्राम के लिए अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अक्सर मरीजों को खुले में या असुविधाजनक परिस्थितियों में रात बितानी पड़ती थी, जिससे उनकी पीड़ा और बढ़ जाती थी। इसी मानवीय संवेदना को ध्यान में रखते हुए एक सुसज्जित, सुरक्षित एवं आधुनिक रैन बसेरे के निर्माण का संकल्प लिया गया।

इस पुनीत कार्य हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 55 लाख रुपये की महत्वपूर्ण अनुदान राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें से प्रथम किश्त के रूप में 27 लाख रुपये अवमुक्त भी किए जा चुके हैं। इस रैन बसेरे के निर्माण से न केवल रोगियों को सुरक्षित आश्रय मिलेगा, बल्कि चिकित्सालय की सेवा गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

ज्ञातव्य है कि परम पूज्य महंत नृत्यगोपाल दास महाराज की सद्प्रेरणा एवं परम पूज्य कमल नयन शास्त्री के कुशल मार्गदर्शन में संचालित इस चिकित्सालय ने अब तक 12 लाख से अधिक नेत्र रोगियों का परीक्षण किया है तथा 2.52 लाख से अधिक सफल नेत्र ऑपरेशन कर समाज के प्रति अपनी सेवा प्रतिबद्धता को सिद्ध किया है।

इस अवसर पर महाप्रबंधक डी. एन. मिश्र, उदयभान पाठक, अजय मिश्र, संजय शुक्ल, राष्ट्रगौरव शर्मा, वीरेंद्र यादव, रामकृपाल शर्मा, लक्ष्मण तिवारी, हनुमान मिश्र, डी. डी. सिंह, सुशील साहू सहित चिकित्सालय का समस्त स्टाफ एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह रैन बसेरा न केवल एक निर्माण परियोजना है, बल्कि यह सेवा, संवेदना और समर्पण का सजीव प्रतीक बनकर आने वाले समय में हजारों जरूरतमंदों के लिए राहत और सम्मानजनक सुविधा का आधार बनेगा।

About admin

Check Also

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नामकरण संघर्ष समिति की संचालन समिति का किया गया गठन 

Jdnews vision…. ग्रेटर नोयडा : : यहां एक विशेष बैठक में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *