JD NEWS VISION…
विशाखापत्तनम : : रोटरी क्लब ऑफ विजाग एलीट ने नए रोटरी वर्ष 2026-27 का शुभारंभ सामाजिक सेवा और गौ सेवा के संकल्प के साथ किया। क्लब के सदस्यों ने 1 जुलाई को इस्काथोटा स्थित साधु आश्रम में आयोजित “काउ फीडिंग” कार्यक्रम के तहत गौ माता को चारा खिलाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सेवा कार्यों को पूरे वर्ष निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तावित क्लिनिक के लिए चयनित स्थल का भी निरीक्षण किया गया। क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि क्लिनिक की स्थापना को लेकर आवश्यक चर्चा और योजना पर कार्य जारी है तथा जल्द ही इस दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रोटरी क्लब ऑफ विजाग एलीट के अध्यक्ष सुमित कुमार ओझा ने कहा कि नए रोटरी वर्ष की शुरुआत सेवा कार्य से करना क्लब की परंपरा और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक है। वहीं सचिव के. श्रीकृष्ण ने बताया कि आने वाले समय में स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़े अनेक जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे और गौ सेवा के माध्यम से समाज में सेवा, करुणा एवं मानवता का संदेश दिया।
— राघवेंद्र मिश्रा
प्रबंध संपादक, JD News
Jd News Vision