Breaking News

किसानों से बिजली तक… दिशा की बैठक में विकास की बड़ी प्राथमिकताएं तय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने दिए जरूरी निर्देश

Jdnews vision…..

शिक्षा व्यवस्था सुधार, जैविक खेती को बढ़ावा और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर….

बिलासपुर, 7 जुलाई  : : केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद तोखन साहू की अध्यक्षता में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जिले के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर आज चर्चा की गई। बैठक में किसानों, शिक्षा, बिजली व्यवस्था, स्वच्छता, जल संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साहू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए उनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाएं।

जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विधायक सर्वश्री धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, सहित जनपद पंचायत, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष उपस्थित थे। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। बैठक का संचालन करते हुए उन्होंने केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की जिले में ताजा प्रगति से अवगत कराया।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का बेहतर तरीके से क्रियान्वयन करें और स्वीकृत कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करें। उन्होंने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण करने कहा। स्मार्ट सिटी की एडवाइजरी समिति की बैठक आयोजित करने तथा जनप्रतिनिधियों को शामिल करते हुए स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

 

*किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता और जैविक खेती पर जोर*

कृषि योजनाओं की समीक्षा करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित करने एवं कृषि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का भ्रमण कर किसानों से संवाद करने कहा। उपसंचालक कृषि ने बताया कि जिले के करमा, धौरामुड़ा, बरपाली, मंजूरपहरी, बम्हनीखुर्द, बिटकुली, बांका एवं कोरबी में जैविक फसल प्रदर्शन किया जा रहा है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने आत्मा योजना की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।

*शिक्षा व्यवस्था सुधारने बनाई जाए कार्ययोजना*

शिक्षा की समीक्षा करते हुए साहू ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए कार्ययोजना तैयार करने, प्राचार्यों की नियमित बैठक लेने और पालकों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर माहौल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना हमारा कर्तव्य है।

*बिजली व्यवस्था सुधारने अभी से तैयार करें योजना*

बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि इस वर्ष लोगों को बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा है। आगामी वर्ष ऐसी स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए अभी से कार्ययोजना तैयार कर उसका गंभीरता से क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने स्वीकृत कार्यों को शीघ्र शुरू करने और उन्हें गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने कहा।,

*ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा*

जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने ग्रामीण विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत वित्त वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 में बिलासपुर जिला मानव दिवस सृजन में प्रदेश में द्वितीय स्थान पर रहा है। उन्होंने बताया कि 4 जून तक कराए गए कार्यों का मजदूरी भुगतान तथा 8 जून तक कराए गए कार्यों का सामग्री भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (वीबी-जी राम जी) योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना एवं ग्राम पंचायत विकास योजना की जानकारी दी। केंद्रीय राज्य मंत्री ने वीबी-जी राम जी योजना के तहत विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर कार्य स्वीकृत करने और जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी स्कूल और आंगनबाड़ी भवन जर्जर स्थिति में न रहे। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन नहीं हैं, वहां चिन्हांकन कर कार्ययोजना बनाने कहा। नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत 100 कार्य पूर्ण हो चुके हैं और 6 कार्य प्रगतिरत हैं।

बैठक में जल जीवन मिशन, जल संसाधन, पशुधन एवं डेयरी विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कौशल विकास, सड़क परिवहन, खनिज सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, डीएफओ नीरज सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About admin

Check Also

रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने, मना करने पर चाकू की नोक पर लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Jdnews Vision…. बिलासपुर (छ.ग.) : :  रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने, मना …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *