Breaking News

केंद्रीय टीम ने वीबी-जीरामजी एवं ‘प्रोजेक्ट उन्नति’ की प्रगति का लिया जायजा

Jdnews Vision….

*डिजिटल मॉनिटरिंग के जरिए विकास कार्यों की गुणवत्ता जांची….

बिलासपुर, 15 जुलाई : :  भारत सरकार के संयुक्त सचिव (वित्त) पवनेश कुमार शर्मा एवं अवर सचिव राहुल कुमार श्रीवास्तव ने जिले के जनपद पंचायत बिल्हा एवं कोटा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने वीबी-जीरामजी योजना, प्रोजेक्ट उन्नति तथा अन्य डिजिटल पहलों के अंतर्गत प्रगतिरत विकास कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार अग्रवाल सहित प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय अधिकारियों ने कार्यस्थलों पर लगाए गए सूचना बोर्ड के क्यूआर कोड को स्वयं स्कैन कर डिजिटल अभिलेखों एवं वास्तविक प्रगति का मिलान किया। इससे विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं तकनीकी निगरानी की व्यवस्था का आकलन किया गया। केंद्रीय टीम ने भारतीय स्टेट बैंक स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट उन्नति’ के अंतर्गत ग्रामीण युवाओं के लिए आयोजित राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हितग्राहियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा कौशल विकास से रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की। निरीक्षण के दौरान कोटा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत पटेता में सामुदायिक जल संवर्धन तालाब निर्माण (नवा तरिया कोरियापारा) तथा नवीन पंचायत भवन निर्माण कार्य, धनरास में सामुदायिक जल संवर्धन तालाब जीर्णाेद्धार तथा करगीकला में मिनी परकोलेशन टैंक निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। इन कार्यों के माध्यम से बड़ी संख्या में मानव दिवस सृजित हुए हैं तथा ग्रामीण क्षेत्र में जल संरक्षण एवं आधारभूत संरचना को मजबूती मिल रही है।

केंद्रीय अधिकारियों ने कार्यस्थल पर कार्यरत महिला श्रमिकों से संवाद कर वीबी-जीरामजी योजना के लाभों की जानकारी दी। ग्रामीणों को बताया गया कि योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को 125 दिनों का सुनिश्चित रोजगार तथा प्रतिदिन 300 रुपये की बढ़ी हुई मजदूरी दर का लाभ प्रदान किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से केंद्रीय अधिकारियों एवं जिला पंचायत के अधिकारियों ने कार्यस्थल पर पौधरोपण भी किया। निरीक्षण के उपरांत केंद्रीय टीम ने जिले में विकास कार्यों के क्रियान्वयन, डिजिटल निगरानी व्यवस्था, पारदर्शिता एवं कौशल विकास संबंधी प्रयासों की सराहना करते हुए इन पहलों को ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान सहायक परियोजना अधिकारी वीबी-जीरामजी अनुराधा शुक्ला, जनपद पंचायत सीईओ युवराज सिन्हा, कार्यक्रम अधिकारी वीबी-जीरामजी विकास कुमार जायसवाल भी मौजूद रहे।

About admin

Check Also

रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने, मना करने पर चाकू की नोक पर लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Jdnews Vision…. बिलासपुर (छ.ग.) : :  रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने, मना …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *