Breaking News

मुख्यमंत्री आज देंगे 868 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात….

Jdnews Vision….

(पूनम कुमारी)

90 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

गाजियाबाद : : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गाजियाबाद दौरे पर जिले को 868.17 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री मुरादनगर के तेजपाल त्यागी-कुशलपाल त्यागी मेमोरियल कॉलेज में आयोजित जनसभा में 33 परियोजनाओं का लोकार्पण और 57 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। साथ ही 1096 प्रधानमंत्री आवासों का लोकार्पण तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।

मुख्यमंत्री शाम चार बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान गृह, शिक्षा, डूडा, लोक निर्माण, पंचायती राज और आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की 57 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, जिनकी कुल लागत 685.14 करोड़ रुपये है।

पुलिस कमिश्नरेट के थाना बापूधाम में 8.07 करोड़ रुपये की लागत से प्रशासनिक भवन और पुलिस लाइन में 16.27 करोड़ रुपये की लागत से ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा। नगर निगम की नौ परियोजनाओं पर 17.34 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि मुरादनगर के भदौली में 1.47 करोड़ रुपये की लागत से नए हाईस्कूल भवन का निर्माण होगा।

हिण्डन पर बनेगा नया दो लेन पुल

मुरादनगर क्षेत्र में आवागमन सुगम बनाने के लिए मतौर-डोलचा सीमा और भदौली के निकट हिण्डन नदी पर दो लेन सेतु एवं पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर 48.02 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे

जी डी ए की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास…

मुख्यमंत्री गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 19 परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। इन पर करीब 505 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें हापुड़ चुंगी चौराहे पर 125 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला फ्लाईओवर प्रमुख है, जिससे क्षेत्र में जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।

1096 प्रधानमंत्री आवास होंगे समर्पित

मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1096 आवास लाभार्थियों को समर्पित करेंगे। इनमें मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना के 856 और निवाड़ी के 240 आवास शामिल हैं।

तैयारियों को अंतिम रूप

मुख्यमंत्री की जनसभा में दस हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम स्थल पर विशाल पंडाल तैयार किया गया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांडड़ ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, बैरिकेडिंग और चिकित्सा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

About admin

Check Also

कृषक एकता समिति के बैनर और झंडे लेकर सौकडो किसान आवास बिकास के कार्यालय पंहुचे….

Jdnews Vision…. (सुरेन्द्र कुमार वर्मा ) लखनऊ: :  गोसाई गंज से आज जुलूस बना कर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *