Breaking News

गोंडा में ‘कैरियर फेयर – बैच 02’ का आयोजन, डिजिटल मीडिया में करियर के लिए युवाओं का हुआ ऑफलाइन साक्षात्कार…

Jdnews Vision…

गोंडा हरीश गुप्ता…

गोंडा: :  जनपद के युवाओं को मीडिया एवं डिजिटल क्षेत्र में रोजगार एवं करियर के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेडियो ज्ञानस्थली 89.6 एफएम, विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं मीडिया कंपनियों तथा ‘गोंडा का पन्ना LIVE’ यूट्यूब चैनल के संयुक्त तत्वावधान में “कैरियर फेयर – बैच 02” के अंतर्गत ऑफलाइन साक्षात्कार एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डिजिटल मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मीडिया उद्योग से जुड़ी विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को मीडिया जगत की कार्यप्रणाली, बदलते डिजिटल परिदृश्य तथा रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी के अवसर उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें मीडिया उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना भी था, ताकि वे भविष्य में सफल मीडिया प्रोफेशनल बन सकें।

28 जुलाई 2026 को आयोजित साक्षात्कार का संचालन ‘गोंडा का पन्ना LIVE’ यूट्यूब चैनल के संस्थापक कृष्ण शर्मा ने किया। उन्होंने अभ्यर्थियों से समाचार लेखन, एंकरिंग, रिपोर्टिंग, कैमरे के सामने प्रस्तुति, वीडियो संपादन, ग्राफिक डिज़ाइनिंग, कंटेंट क्रिएशन तथा डिजिटल मीडिया से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक विषयों पर प्रश्न पूछे। साथ ही विद्यार्थियों की संप्रेषण क्षमता, आत्मविश्वास, भाषा शैली, रचनात्मक सोच, निर्णय क्षमता एवं तकनीकी दक्षता का भी मूल्यांकन किया गया।

साक्षात्कार के दौरान कृष्ण शर्मा ने विद्यार्थियों को मीडिया क्षेत्र में सफल करियर बनाने के लिए अनुशासन, निरंतर अभ्यास, तकनीकी ज्ञान, समय की पाबंदी, सकारात्मक सोच और लगातार सीखते रहने की आवश्यकता पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पारंपरिक मीडिया के साथ-साथ डिजिटल मीडिया, यूट्यूब, एफएम रेडियो, सोशल मीडिया और कंटेंट क्रिएशन तेजी से रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहे हैं। यदि युवा अपने कौशल को समय के अनुसार विकसित करें तो वे इस क्षेत्र में बेहतर भविष्य बना सकते हैं।

कैरियर फेयर के अंतर्गत समाचार एंकर, फ्रीलांसर, ग्राफिक डिज़ाइनर एवं वीडियो संपादक जैसे विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया। प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुति दी। कई विद्यार्थियों ने कैमरे के सामने समाचार वाचन, रिपोर्टिंग, वीडियो एडिटिंग एवं तकनीकी कार्यों में प्रभावशाली प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। आयोजकों ने विद्यार्थियों की तैयारी, लगन और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें वास्तविक इंटरव्यू का अनुभव भी प्रदान करते हैं, जिससे भविष्य में रोजगार प्राप्त करने की उनकी संभावनाएं और अधिक मजबूत होती हैं।

कार्यक्रम के दौरान डिजिटल मास कम्युनिकेशन की छात्राओं निधि, सौम्या, आयुषी, संध्या, सुहानी, सृष्टि एवं ललिता ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए मीडिया क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और रुचि का परिचय दिया। सभी प्रतिभागियों ने साक्षात्कार प्रक्रिया को सीखने का एक महत्वपूर्ण अनुभव बताया और भविष्य में मीडिया एवं डिजिटल इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने का संकल्प व्यक्त किया।कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी इसी प्रकार के कैरियर फेयर, प्रशिक्षण कार्यशालाएं नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि जनपद के अधिक से अधिक युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही मीडिया एवं डिजिटल क्षेत्र में प्रशिक्षण, रोजगार और करियर निर्माण के अवसर उपलब्ध हो सकें। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रयास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

About admin

Check Also

सुप्रीम कोर्ट ने नीट पेपर लीक को लेकर दिए निष्पक्ष जांच के संकेत…

Jdnews Vision…. (सुरेन्द्र कुमार वर्मा ) दिल्ली सुप्रीम कोर्ट ने नीट पेपर लीक को लेकर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *