Jdnews vision….
..राजस्थान से UP में सप्लाई हो रही नकली दवाइयां!…
लखनऊ: : राजधानी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन यानी FSDA की टीम के साथ लखनऊ पुलिस की टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर नकली और अवैध दवाओं के बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है।
अमीनाबाद, बीकेटी, के साथ साथ यूपी के गोंडा जिले में की गई ताबड़तोड़ छापेमारी में लाखों रुपये की संदिग्ध और प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गई हैं।
FSDA की टीम की ओर से अमीनाबाद में छापेमारी के दौरान करीब 21 लाख रुपये की दवाएं सीज की गयी हैं। छापेमारी के दौरान सामने आया है कि नकली दवाइयों के इस सिंडिकेट के तार राजस्थान से जुड़े हुए हैं, जहां से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में नकली दवाओं की सप्लाई की जा रही थी।
नामी कंपनियों की दवाओं का अवैध भंडारण मिला
औषधि निरीक्षक संदेश मौर्य और विवेक कुमार सिंह की अगुवाई में FSDA की टीम ने अमीनाबाद की मेडिसिन मार्किट में अवैध रूप से संचालित हो रहे दवाइयों के गोदाम पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में नामी कंपनियों की एलोपैथिक दवाओं का अवैध भंडारण मिला। अवैध भंडारण में मिली दवाइयों के लेबल पर प्रिंटिंग और स्पेलिंग की गंभीर गलतियां पाई गईं, जो उन दवाओं के नकली होने की पुष्टि करती हैं।
FSDA की टीम की ओर से अमीनाबाद में छापेमारी के दौरान करीब 21 लाख रुपये की दवाएं सीज की गयी हैं। इसके साथ ही FSDA की टीम ने बीकेटी में राज विक्रम सिंह के अवैध गोदाम में भी छापेमारी की कार्रवाई की, जहां से 3 लाख रुपये की नकली दवाएं बरामद की गईं। FSDA टीम की ओर से हुई इस कार्रवाई के दौरान Telma, Pantop 40, Clavam 625 और Zerodol-SP जैसी नामी ब्रांड्स की नकली दवाओं के कुल 27 नमूने लेकर जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
यूपी के सप्लायर्स का था बड़ा गठजोड़
FSDA टीम की ओर से हुई छापेमारी के बाद शुरू हुई जांच में खुलासा हुआ है कि नकली दवाइयों का पूरा अवैध धंधा राजस्थान से संचालित हो रहा था। जांच में सामने आया है कि राजस्थान के रहने वाले भूपेंद्र शर्मा और गुर्जर नकली दवाएं बनाकर यूपी के अलग अलग जिलों में भेजते थे। इस सिंडिकेट में प्रयागराज के वीरू सिंह चौहान, लखनऊ के राज विक्रम सिंह, गोंडा के अमन कसौधन, सीतापुर के रहने वाले रिहान, वाराणसी निवासी मिश्रा और अमीनाबाद के रंजीत सिंह जुल्का शामिल हैं।
इतना ही नहीं, यूपी गोंडा जिले में की गई छापेमारी में तो NDPS श्रेणी की दवाओं का अवैध स्टॉक भी बरामद किया गया है। विभाग ने इन सभी आरोपियों के खिलाफ बिना बिल बिक्री, अवैध परिवहन और नकली दवाओं के निर्माण के आरोप में संबंधित धाराओं में अमीनाबाद थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है।
Jd News Vision