Jdnews Vision…
…Raghwendra Mishra….
…Managing Editor….
विशाखापत्तनम : : दक्षिण तट रेलवे (South Coast Railway) के महाप्रबंधक संदीप माथुर ने गुंटूर एवं विजयवाड़ा मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और विभिन्न विकास कार्यों का दो दिवसीय व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों की सुविधाओं, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों, रेलवे अवसंरचना परियोजनाओं तथा भविष्य की योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दूसरे दिन महाप्रबंधक ने मंगलागिरि रेलवे स्टेशन का दौरा कर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन अधिकारियों से बातचीत कर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, उन्नत आधारभूत संरचना तथा लास्ट माइल कनेक्टिविटी की जानकारी ली और सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार पर बल दिया। इस दौरान गुंटूर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक सुश्री सुधेश्ना सेन तथा दक्षिण तट रेलवे के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
इसके बाद श्री माथुर ने रायनपाडु में निर्माणाधीन रेल ओवर रेल (RoR) परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विजयवाड़ा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री मोहित सोनाकिया भी उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक ने रायनपाडु रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित यात्री सुविधाओं एवं अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। वहीं गंगिनेनी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर की व्यवस्था और रखरखाव का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्री माथुर ने एर्रुपालेम में यार्ड योजना तथा प्रस्तावित नांबूर रेलवे लाइन की समीक्षा की। उन्होंने प्रस्तावित रेल लाइन एवं स्टेशन के एलाइनमेंट का निरीक्षण कर रेलवे संचालन को अधिक प्रभावी बनाने तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

दो दिवसीय दौरे के अंतिम चरण में महाप्रबंधक ने मधिरा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और वहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने यात्री सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी रूप से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान श्री संदीप माथुर ने कहा कि रेल सुरक्षा दक्षिण तट रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, रेलवे संचालन को अधिक दक्ष बनाने तथा विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
Jd News Vision