Jdnews Vision…
लखनऊ 13 अक्टूबर, : : कैप्टन स्मित मछार की वीरता एवं शूरता को नमन करते हुए उनके अभिनन्दन स्वरूप आर्य प्रतिनिधि सभा उ0प्र0 के तत्वावधान में एक वृहद यज्ञ आयोजित किया गया, जिसका ब्रह्मत्व वेदाचार्य डा0 निष्ठा विद्यालंकार ने किया। उक्त कार्यक्रम के मुख्य यज्ञमान का दायित्व सपत्नीक रामेन्द्र देव वर्मा ने निभाया। उपस्थित आर्यजनों ने यज्ञ में आहुतियाँ देकर कैप्टन मछार के स्वस्थ एवं दीर्घ आयु की कामना की।

मुख्य वक्ता डाॅ0 निष्ठा विद्यालंकार ने कहा कि कैप्टन स्मित एक भारतीय पायलट हैं जिन्होंने अपनी बहादुरी का परिचय देते हुए 30 सितम्बर को फ्लाई दुबई के एक विमान में सवार 174 से अधिक लोगों की जान बचाई। उड़ान के दौरान उनके सह पायलट ने उनके ऊपर हमला कर दिया था गम्भीर रूप से घायल होने के बाद भी उन्होंने अपनी हिम्मत नहीं खोई और दरवाजा खोल दिया जिससे यात्री अन्दर पहुँच गये और हमलावर को काबू कर लिया जिससे सभी यात्री एक भयावह दुर्घटना से बच सके।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में आर0डी0 वर्मा ने कैप्टन स्मित के जोश और होश को नमन किया और कार्य की सराहना की। आचार्य विमल किशोर ने कैप्टन स्मित के व्यक्तित्व और कृतित्व पर ‘‘सब डरे थे कि खतरा बड़ा हो गया, एक भारत का बेटा खड़ा हो गया।’’ कविता सुनाकर सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम में डा0 अन्जू सिंह, उर्मिला आर्या के भजन हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता डा0 बीना आर्या ने की। कार्यक्रम में अखिलेश कुमार, बी0सी0 पाठक, आर्य शिवशंकर वैश्य, एस0के0 सक्सेना, गोविन्द सहित अनेक आर्यजन उपस्थित रहे।
Jd News Vision