जेडी न्यूज विजन….
सन्तोष कुमार गुप्ता…
डीआईजी एस. चनप्पा व एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने पुलिस लाइन में मैराथन गोष्ठी कर दिए कड़े निर्देश….
गोरखपुर : : जनपद में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस में शनिवार को एक विस्तृत उच्च स्तरीय गोष्ठी आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चनप्पा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कोस्तुभ ने संयुक्त रूप से की। गोष्ठी में जिले भर के सभी वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में डीआईजी एस. चनप्पा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और संगठित अपराध, भूमि विवाद, महिला अपराध तथा साइबर अपराध जैसे संवेदनशील मामलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास दिखना चाहिए।
एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने जनपद की कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाए। रात्रि गश्त को और सशक्त बनाने, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग तेज करने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि हिस्ट्रीशीटरों, गैंगस्टरों और पूर्व में अपराध में लिप्त रहे व्यक्तियों की लगातार निगरानी की जाए, ताकि वे दोबारा किसी घटना को अंजाम न दे सकें।
गोष्ठी में महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि महिला संबंधित अपराधों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित जांच और कार्रवाई पर भी बल दिया गया।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक यातायात को निर्देश दिया गया कि शहर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, जिससे आम जनता को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
इसके अलावा लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान और पुलिस-जनता संवाद को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से जनसुनवाई करें और जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।
गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल, पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, पुलिस अधीक्षक अपराध सुधीर जायसवाल, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव सहित सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी/थानाध्यक्ष, शाखाओं के प्रभारी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
डीआईजी और एसएसपी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सभी पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया, ताकि गोरखपुर को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाया जा सके।
Jd News Vision