Breaking News

रामगढ़ताल में पुलिस मुठभेड़ में शातिर नकबजन गिरफ्तार

Jdnews Vision….

….संतोष कुमार गुप्ता….

*पुलिस पर फायरिंग में कांस्टेबल घायल, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली…

गोरखपुर: :  रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार की देर रात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और एक बाइक सवार बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में एक कांस्टेबल घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के आभूषण, 10 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, देशी तमंचा, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किया है।

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में रात्रि करीब एक बजे चोरी और नकबजनी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, रोकने के बजाय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एक कांस्टेबल घायल हो गया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. शहजादे पुत्र स्व. अजीजुल हक निवासी तुर्कमानपुर नई मस्जिद, थाना राजघाट, गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से पीली धातु के चार कंगन, सफेद धातु की एक अंगूठी, पीली धातु का एक मंगलसूत्र, एक गले का हार और चोरी के 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी मिला है।

पुलिस के अनुसार, बरामदगी रामगढ़ताल थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 417/2026 से संबंधित है। 20 अगस्त को पीड़ित ने तहरीर देकर बताया था कि वह अपने पैतृक गांव गया था। वापस लौटने पर घर के ताले टूटे मिले और आलमारी में रखे आभूषण तथा नकदी गायब थी। तहरीर के आधार पर रामगढ़ताल थाने में चोरी और नकबजनी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी नियाज अहमद पुत्र इम्तियाज अहमद निवासी जमुनहिया बाग, शीशे वाली मस्जिद के पास, थाना गोरखनाथ तथा एक अन्य अज्ञात साथी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस अब प्रकाश में आए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक मो. शहजादे के खिलाफ गोरखपुर और संतकबीरनगर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, नकबजनी, बरामदगी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत गंभीर धाराओं में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में राजघाट, शाहपुर, कैंट, गोरखनाथ, कोतवाली, सहजनवां तथा संतकबीरनगर के खलीलाबाद और दुधारा बाजार थानों में दर्ज मामले शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) भान्या संहिता की बढ़ोतरी की है। साथ ही पुलिस पर फायरिंग और बरामद अवैध हथियार के संबंध में एक अन्य अभियोग भी पंजीकृत किया गया है। मुठभेड़ के दौरान घायल आरोपी को सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है और उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

About admin

Check Also

महिला ने पति व देवर के खिलाफ शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना का मुकदमा….

Jdnews Vision….. शैलेन्द्र सिंह चौहान…… लखनऊ : : दहेज की मांग को लेकर शारीरिक व …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *