Jdnews Vision….
शैलेन्द्र सिंह चौहान…
24 घरेलू और आठ व्यावसायिक सिलेंडर बरामद, गैस रिफिलिंग के उपकरण भी मिले….
लखनऊ : : सुशान्त गोल्फ सिटी क्षेत्र के अहमहामऊ में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और कालाबाजारी का मामला सामने आया है। आपूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी कर मौके से 24 घरेलू और आठ व्यावसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए। जांच के दौरान गैस रिफिलिंग के उपकरण भी मिले। मामले की जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा गैस सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया है।
इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी राजीव रंजन उपाध्याय के मुताबिक, सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अहमहामऊ स्थित एक मकान में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर उनकी रिफिलिंग और बिक्री की जा रही है। सूचना पर आपूर्ति विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम को मकान में घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडरों के साथ गैस रिफिलिंग से संबंधित उपकरण मिले।
जांच में घरेलू सिलेंडरों में निर्धारित मानक से कम गैस होने की बात भी सामने आई। मौके से हैंडिंग वेटिंग मशीन, लोहे का रिफिलर और रेगुलेटर सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार, बिना अनुमति सिलेंडरों का भंडारण, रिफिलिंग और ऊंचे दामों पर बिक्री किए जाने का आरोप है।
मामले में मो. सिराज के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
Jd News Vision