जेडी न्यूज़ विज़न….
..आक्रोशित व्यापारियों ने किया प्रदर्शन…
लखनऊ : : राजधानी में भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। रविवार को शॉर्ट सर्किट, एबी केबल में आग और अंडरग्राउंड केबल फॉल्ट के कारण चिनहट से लेकर डालीगंज और तेलीबाग से लेकर मलिहाबाद तक शहर और ग्रामीण अंचलों में बिजली की भारी आंखमिचौली चली।
इस संकट के कारण न सिर्फ उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल रहे, बल्कि सुबह के समय घरों में पानी न आने से हाहाकार मच गया। बिजली कटौती से नाराज नजीराबाद के व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर जमकर प्रदर्शन भी किया। नजीराबाद बाजार में रविवार सुबह 10:45 बजे अचानक बिजली गुल हो गई। व्यापारियों ने टोल-फ्री नंबर 1912 और अमीनाबाद उपकेंद्र के अधिकारियों से संपर्क किया, जिस पर अधिकारियों ने जम्पर बदलने का आश्वासन देते हुए एक घंटे में आपूर्ति बहाल करने की बात कही, लेकिन बिजली दोपहर पौने दो बजे आई। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे फिर बिजली कट गई और करीब आधे घंटे बाद 3:00 बजे वापस आई। इससे नाराज व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। नजीराबाद व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेश छाबलानी ने बताया कि बिजली न आने से कारोबार चौपट हो गया। वहीं अधिशासी अभियंता ने बताया कि एबीसी में दिक्कत से सप्लाई बाधित हुई। वहीं चिनहट के शिवपुरी उपकेंद्र बीती रात 12 बजे ठप हो गया। इससे तिवारीगंज, चिनहट, सतरिख रोड, मुक्ति विहार और अयोध्या रोड से जुड़े इलाकों में अंधेरा छा गया। आधी रात बिजली गुल होने से लोग परेशान हो गये। उपकेंद्र से लेकर जूनियर इंजीनियर, एसडीओ को लोग फोन घनघनाने लगे, लेकिन कोई सकारात्मक जवाब न मिलने से गुस्साएं लोग उपकेंद्र पहुंचकर हंगामा करने लगे। इसके बाद कर्मचारियों ने फाल्ट को दुरुस्त कर रात 2.30 बजे बिजली चालू की.
डालीगंज की 40 हजार आबादी ने झेला बिजली संकट
डालीगंज के इक्का स्टैंड उपकेंद्र के अंतर्गत रविवार शाम 3:30 बजे बिजली अचानक ठप हो गई। इससे कुतुबपुर, मोहन मेकिंग रोड, बब्बू वाली गली, लाहौरगंज, कलेक्टर गंज, मौसमगंज, रामाधीन सिंह रोड, हनुमान मंदिर, बरौलिया, नेहरू नगर, शबाब मार्केट और मनकामेश्वर मंदिर जैसे घने रिहायशी इलाकों की लगभग 40 हजार आबादी ने करीब सवा घंटे बिजली संकट झेला। अधिशासी अभियंता पंकज कुमार ने बताया कि इमरजेंसी शटडाउन लिया गया था। वहीं मलिहाबाद तहसील रोड पर रविवार शाम पांच बजे आईसीआईसीआई बैंक के पास एक खंभे में बंधे एलटी लाइन के तार अचानक जल गए, जिससे वहां भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके अलावा मोतीनगर, आर्य नगर, बशीरतगंज, चौक, ठाकुरगंज सहित कई इलाकों में बिजली की आवाजाही से लोग परेशान रहे।
यमुनापुरम में केबल में लगी आग, काम रोकने से बढ़ी देरी
पीजीआई क्षेत्र के चरण भट्टा रोड स्थित यमुनापुरम के पास शनिवार रात करीब 11:30 बजे अचानक एबी केबल में भीषण आग लग गई। केबल से चिंगारियां और लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची बिजली विभाग की टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि जब क्षतिग्रस्त केबल को बदलने की तैयारी शुरू हुई, तो कुछ स्थानीय लोगों ने लाइनमैन को काम करने से रोक दिया और दूसरे कर्मचारी को बुलाने की जिद करने लगे। इस नोकझोंक के कारण मरम्मत कार्य में काफी देरी हुई। बाद में उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद केबल बदली गई और करीब दो घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। एसडीओ अनिल यादव ने बताया कि ओवरलोड के कारण यह फॉल्ट हुआ था।
12 घंटे की कटौती से 15 हजार लोग बेहाल, इनवर्टर भी हुए फेल
पीजीआई क्षेत्र की एकता नगर, पंचवटी कॉलोनी, मीना आवास, ओम नगर, शाहू कॉलोनी, शिवधाम कॉलोनी, सबाखेड़ा, कल्ली पश्चिम और कल्ली बाजार में देखने को मिली। यहां शनिवार रात करीब दो बजे एक भूमिगत केबल फॉल्ट हो गया। इसके बाद लगभग 03 हजार मकानों की बत्ती गुल हो गई और करीब 15 हजार आबादी को उमस भरी रात बिना बिजली के काटनी पड़ी। रात में कुछ घंटे चलने के बाद घरों के इनवर्टर भी पूरी तरह जवाब दे गए। कूलर-पंखे बंद होने से बच्चे, बुजुर्ग और मरीज तड़प उठे। लोगों ने रात छतों और घरों के बाहर टहलकर गुजारी। स्थानीय निवासी प्रेम, विवेक, संतोष और कप्तान सिंह ने आक्रोश जताते हुए कहा कि क्षेत्र में यह समस्या रोज की बात हो गई है। पीजीआई क्षेत्र के एसडीओ अनिल यादव ने बताया कि सबाखेड़ा मोड़ के पास भूमिगत केबल में फॉल्ट आया था। रात में ही पेट्रोलिंग शुरू कर दी गई थी, लेकिन सटीक लोकेशन न मिलने के कारण रविवार दोपहर करीब दो बजे वैकल्पिक फीडर से सप्लाई चालू की।
Jd News Vision