Jdnews Vision…
उरई(जालौन)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान तथा सहकारिता मंत्री जे.पी.एस. राठौर के निर्देशन में संचालित वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत आज जिला केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार एवं एट सहकारी संघ परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करना तथा आमजन को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन उपस्थित रहे। उन्होंने सहकारी जनों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निदेशक डॉ. प्रवीण ने कहा कि प्रदेश सरकार का वृहद वृक्षारोपण अभियान जनभागीदारी पर आधारित है और इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सहकारी संस्थाओं से जुड़े लोगों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। भारतीय जनता पार्टी सुशासन प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक डॉ नवाब सिंह जादौन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक सहकारी संस्था को नियमित रूप से वृक्षारोपण करना चाहिए तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
जिला केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार लि., जालौन के अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह राजावत ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का भी सशक्त मंच है। उपाध्यक्ष अजय महतेले ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान तभी सफल होगा, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसमें भागीदारी निभाए। उन्होंने लोगों से अपने घर, खेत, विद्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। इस अवसर पर जितेन्द्र भारती शत्रुघ्न यादव धीरेन्द्र सिंह जादौन एट सहकारी संघ के उपाध्यक्ष प्रवेन्द्र सिंह तोमर मिनौरा सहकारी संघ के अध्यक्ष श्याम करन प्रजापति, कालपी सहकारी संघ के निदेशक रविन्द्र परमार एट सहकारी संघ के संचालक राहुल उपाध्याय, सहकारी पर्यवेक्षक दीपेन्द्र सिंह, हरिशंकर यादव तथा राघवेन्द्र सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में सहकारी जन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
Jd News Vision