Jdnews Vision…
संतोष कुमार गुप्ता…..
गोरखपुर : : मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी ने गुरुवार को विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में गंदगी, बिखरा कबाड़ और फाइलों के अव्यवस्थित रखरखाव को देखकर CDO ने कड़ी नाराजगी जताई और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग प्रखंड-गोरखपुर समेत कई कार्यालयों में कर्मचारी अनुपस्थित मिले। CDO ने तुरंत अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
*अनुशासन और स्वच्छता है कर्मचारियों की जिम्मेदारी*
CDO ने साफ कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, स्वच्छता और अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करना अधिकारियों और कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कार्यालयों में अनावश्यक सामान और कबाड़ जमा होने से न सिर्फ गंदगी फैलती है, बल्कि कामकाज का माहौल भी खराब होता है।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी फाइलों और अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से रखा जाए और अनुपयोगी सामान को नियमानुसार हटाया जाए, ताकि कार्यालयों में स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण बना रहे।
*2 दिन में जवाब नहीं तो शासन को रिपोर्ट*
कर्मचारियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए CDO ने कहा कि कारण बताओ नोटिस का जवाब दो दिन के भीतर आना चाहिए। जवाबों की समीक्षा की जाएगी और यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
*DDO और नाजिर को सफाई अभियान के निर्देश*
विकास भवन परिसर में गंदगी मिलने पर CDO ने जिला विकास अधिकारी (DDO) और नाजिर को भी फटकार लगाई। उन्होंने सफाई के लिए टीम लगाकर पूरे विकास भवन में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। कमरों, गलियारों और परिसर में नियमित सफाई और कूड़ा न जमा होने देने की हिदायत दी।
CDO ने कहा कि औचक निरीक्षण का मकसद कार्यालयों की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करना और सरकारी कामकाज में अनुशासन कायम करना है। सभी कार्यालयाध्यक्ष निरीक्षण में मिली कमियों को गंभीरता से लेकर तत्काल सुधार करें।
Jd News Vision