Breaking News

राम मंदिर जाने से पहले अजय राय गिरफ्तार! होटल से उठा ले गई पुलिस, पत्नी ने जताई चिंता

जेडी न्यूज विजन….

 अयोध्या : : यू पी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय को राम मंदिर जाने से पहले ही गिरफ्तार कर पुलिस अपने साथ लेकर चली गई है। अजय राय ने कांग्रेस के नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ मंगलवार को राम मंदिर जाकर रामलला का दर्शन करने का ऐलान किया था।

अयोध्या के श्री पैलेस होटल में ठहरे अजय राय को सोमवार देर रात पहले हाउस अरेस्ट करने की बात सामने आई थी। इसके बाद अजय राय ने एक्स पर अपनी गिरफ्तारी की जानकारी दी और पुलिस पर जीप में बैठाकर कहीं लेकर जाने की बात कही। अजय राय की पत्नी रीना राय ने भी इसे लेकर चिंता जताई है। देर रात जीप से अजय राय को लेकर जाने पर कड़ा ऐतराज जताया है।

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर गरमाई सियासत के बीच यूपी कांग्रेस ने अजय राय की अगुवाई में पार्टी के नौ सदस्यी प्रतिनिधिमंडल के मंगलवार को अयोध्या में रामलला का दर्शन करने का ऐलान किया था। प्रतिनिधिमंडल में अजय राय के साथ अमेठी से सांसद केएल शर्मा, सीतापुर से सांसद राकेश राठौर, इलाहाबाद से सांसद उज्जवल रमण सिंह, बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया, महराजगंज की फरेंदा सीट से विधायक वीरेंद्र चौधरी, बाराबंकी के पूर्व सांसद एपी गौतम, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह और बाराबंकी की कुर्सी सीट से विधायक रहीं मीता गौतम को शामिल किया गया था।

अजय राय के पहुंचते ही होटल पहुंची पुलिस

सोमवार देर रात ही अजय राय अयोध्या पहुंच गए थे। यहां के श्री पैलेस होटल में वह ठहरे थे। इसी बीच अयोध्या पुलिस होटल पहुंची। पहले कहा गया कि अजय राय को होटल में ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया है और बाहर आने से मना कर दिया गया है। इसी बीच देर रात अजय राय ने खुद एक्स पर बताया कि उन्हें गिरफ्तार करके पुलिस अपने साथ जीप से कहीं लेकर जा रही है।

हम न रुकेंगे न झुकेंगे

अजय राय ने लिखा कि भाजपा सरकार की तानाशाही चरम पर है। ​उत्तर प्रदेश कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल प्रभु श्रीराम के दर्शन-पूजन के लिए जाने वाला था। मैं अयोध्या पहुंचा ही था कि भाजपा सरकार इतनी डर गई कि पुलिस मुझे होटल से गिरफ़्तार कर अपनी जीप में बैठाकर ले जा रही है। सवाल किया कि अयोध्या में जमीन घोटालों और चढ़ावा चोरी करने वाले इन ‘चढ़ावा चोरों’ को राम भक्तों के आने से डर क्यों लग रहा है? प्रभु के नाम पर दुकान चलाने वालों, आस्था पर पहरा देने की यह कायरतापूर्ण कोशिश निंदनीय है। अजय राय ने कहा कि हम न रुकेंगे, न झुकेंगे!

अजय राय की पत्नी ने पुलिस पर भटकाने का लगाया आरोप

इस बीच अजय राय के बारे में कोई सूचना न मिलने पर उनकी पत्नी रीना राय ने भी चिंता जताई और कहा कि मेरे पति की आवाज दबाने के लिए भाजपा सरकार किसी भी हद तक गिरने को तैयार है। पुलिस जीप में ले जाने के बाद अब हमारे सहयोगियों को गलत जानकारियां देकर भटकाया जा रहा है। ‘चढ़ावा चोरों’ के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी। अगर मेरे पति को कुछ भी होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।

कई अन्य नेता भी हाउस अरेस्ट

बड़ी संख्या में कांग्रेसियों के अयोध्या में जुटने की आशंका में पुलिस ने पड़ोसी जिलों में भी कई नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया है। इसे लेकर कांग्रेस ने भी आक्रोश जताया है। कांग्रेस ने पूछा कि क्या यूपी में अब प्रभु श्रीराम के दर्शन करना भी अपराध हो गया है? अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन-पूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। लेकिन इस यात्रा से डरी भाजपा सरकार ने कायरतापूर्ण हरकत शुरू कर दी है। अब से कुछ ही देर पहले प्रतापगढ़ के कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीरज त्रिपाठी को पुलिस ने बिना कोई स्पष्ट कारण बताए हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर दिया है।

कांग्रेस ने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल या विचारधारा के नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था और संस्कृति के प्रतीक हैं। श्रद्धालुओं को अयोध्या जाने से रोकना असंवैधानिक है। उत्तर प्रदेश सरकार दमनकारी नीति बंद करे, नजरबंद किए गए कांग्रेस नेताओं को तत्काल मुक्त करे और बिना किसी बाधा के अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करने की अनुमति दे।

About admin

Check Also

प्रेस क्लब निर्माण व पत्रकारों की स्वास्थ्य सुविधा की मांग को लेकर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने सौंपा ज्ञापन

Jdnews Vision…. गोंडा हरीश गुप्तागोंडा : : उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, शाखा गोंडा के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *