Breaking News

9 साल के मासूम की पीट-पीटकर हत्या…

Jdnews Vision…

संतोष कुमार गुप्ता….

मौसा की दुकान जाते समय रास्ते में 8-9 हमलावरों ने घेरकर बरसाए लाठी-डंडे, अस्पताल में बच्चे की मौत…

 

गोरखपुर : : पिपराइच थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां चौथी कक्षा में पढ़ने वाले 9 वर्षीय मासूम बच्चे की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार रात की है, जब बच्चा अपने मौसेरे भाई के साथ मौसा की दुकान पर जा रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाए 8-9 लड़कों ने दोनों को घेर लिया और लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से बेरहमी से हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, पिपराइच क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी राजू सिंह की बेला गांव में पान की दुकान है। उनके साथ उनके साढ़ू अरविंद का बेटा सरस सिंह (9) भी रहता था, जो अपनी मां की मृत्यु के बाद मौसी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। सरस स्थानीय एमडी पब्लिक स्कूल में कक्षा 4 का छात्र था।

शनिवार रात करीब 8:15 बजे सरस अपने मौसेरे भाई शिवकुमार (15) के साथ खाना खाने के बाद मौसा की दुकान की ओर जा रहा था। घर से लगभग 500 मीटर दूर पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे 8-9 युवकों ने दोनों को घेर लिया और अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने ईंट-पत्थरों का भी इस्तेमाल किया, जिससे सरस के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। इस हमले में शिवकुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

शोर-शराबा सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को लेकर थाने की ओर जाने लगे, तभी आरोपियों ने एक बार फिर हमला कर दिया और परिजनों पर भी पथराव किया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

रविवार सुबह इलाज के दौरान सरस सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि शिवकुमार की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है। मौसा राजू सिंह ने आरोप लगाया कि पहले से चल रहे विवाद की जानकारी पुलिस को थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि पुलिस ने पहले ही सख्ती दिखाई होती तो बच्चे की जान बच सकती थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पिपराइच थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह झंगहा थाना प्रभारी अनुप सिंह को पिपराइच का नया प्रभारी बनाया गया है।

क्षेत्राधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि माधवपुर ग्राम में हुई मारपीट की घटना में घायल बच्चे की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

About admin

Check Also

सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 165 शिकायतें दर्ज

Jdnews Vision…. संतोष कुमार गुप्ता 15 मामलों का मौके पर निस्तारण, एडीएम सिटी व एसपी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *