संतोष कुमार गुप्ता….
विभाजन विभीषिका दिवस पर प्रदर्शनी, गोष्ठी व जनजागरूकता कार्यक्रमों के निर्देश*…
गोरखपुर: : मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में ‘हर धर तिरंगा अभियान’ एवं ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीडीओ ने दोनों अभियानों के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ‘हर धर तिरंगा अभियान’ देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापारिक संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों, संस्थानों एवं अमृत सरोवरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाए।
सीडीओ ने कहा कि अभियान के तहत तिरंगा यात्राएं, प्रभात फेरियां, जनजागरूकता रैलियां, सांस्कृतिक एवं देशभक्ति आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। सभी राजकीय भवनों को तिरंगा लाइट से सजाने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए निबंध, चित्रकला, भाषण, स्लोगन एवं अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित कराने को कहा गया।
विभाजन विभीषिका दिवस के संबंध में सीडीओ ने कहा कि यह दिवस देश के विभाजन के दौरान विस्थापन, पीड़ा और त्रासदी का सामना करने वाले लोगों को स्मरण करने का अवसर है। साथ ही नई पीढ़ी को उस दौर के इतिहास से अवगत कराने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि इस अवसर पर जनपद में प्रदर्शनी, गोष्ठी, परिचर्चा, चित्र प्रदर्शनी सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में विभाजन से संबंधित व्याख्यान, लघु फिल्म, नाटक और प्रदर्शनियों का आयोजन कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभाजन से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों को तथ्यपरक और संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत किया जाए, जिससे युवा पीढ़ी को देश की एकता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश मिल सके।
बैठक में सीडीओ ने दोनों अभियानों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समय से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
सूचना विभाग को अभियान एवं विभाजन विभीषिका दिवस के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए सीडीओ ने कहा कि सोशल मीडिया, स्थानीय समाचार माध्यमों एवं अन्य प्लेटफॉर्म के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक कार्यक्रमों की जानकारी पहुंचाई जाए। साथ ही कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि राष्ट्रध्वज का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता हो और उससे संबंधित सभी नियमों एवं मर्यादाओं का कड़ाई से पालन किया जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल, अपर जिलाधिकारी नगर गजेन्द्र कुमार एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Jd News Vision