Jdnews Vision….
सक्ती/, छत्तीसगढ़ : : श्रीश्याम संगीत सृजन संस्थान, सक्ती के तत्वावधान में गोस्वामी संत तुलसीदास जी की जयंती के अवसर पर “संत तुलसीदास जन्मोत्सव” का भव्य ऑनलाइन आयोजन संस्थान की अध्यक्ष श्रीमती सूर्या देवी चंद्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. सुशीला कुमारी “राजराजेश्वरी” एवं श्रीमती सुषमा प्रेम पटेल ने किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती ज्योति राघव, लेह-लद्दाख तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. रविकांत शुभम, प्रो. निराला पाठक, प्रो. विवेकानंद पांडे एवं प्रो. स्वाति पांडे रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय श्री श्याम कुमार चंद्रा के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। श्रीमती सुषमा प्रेम पटेल ने सरस्वती वंदना, श्रीमती सीमा सुरेश पटेल ने गुरु वंदना तथा श्रीमती तालकेश्वरी चंद्रा ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि श्रीमती ज्योति राघव ने संत तुलसीदास जी के जीवन, साहित्य एवं रामभक्ति पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिया तथा स्वर्गीय श्याम कुमार चंद्रा के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान को स्मरण किया। डॉ. रविकांत शुभम ने रामचरितमानस की पंक्तियों से काव्य पाठ का शुभारंभ करते हुए तुलसीदास जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को अपनी रचना के माध्यम से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से जुड़े साहित्यकारों एवं संगीत साधिकाओं ने तुलसीदास जी के जीवन और रचनाओं पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। 13 वर्षीय बाल प्रतिभा कुमारी आराध्या चंद्रा ने अपनी मधुर प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉ. गीता पांडे, रायबरेली ने भी तुलसीदास जी को समर्पित अपनी रचना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं गरिमामय संयोजन के लिए डॉ. सुशीला कुमारी “राजराजेश्वरी” की विशेष भूमिका रही। उन्होंने अंत में शुभकामना “गीत तनिक नहीं घबड़ाओ कलियुग जाने वाला है” के साथ सभी अतिथियों, रचनाकारों एवं संगीत साधिकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

अध्यक्ष श्रीमती सूर्या देवी चंद्रा की अनुमति से कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन ने रामभक्ति, साहित्य, संस्कार और भारतीय संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया।
Jd News Vision