Jdnews Vision….
अरुण कुमार राव…..
–बच्चों को बताए गए बुजुर्गों व बाल अधिकार….
देवरिया: : रामपुर कारखाना ब्लॉक के ग्राम सिधुआ स्थित महात्मा गांधी जूनियर हाईस्कूल (एमजी पब्लिक स्कूल) में अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत एक दिवसीय विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह विशेष पहल माननीय जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धनेन्द्र प्रताप सिंह तथा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अर्चना के कुशल मार्गदर्शन में की गई।

शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित पीएलवी डॉ. शशिधर मिश्र ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी बच्चों को अपने से बड़ों और घर-आसपास के वृद्धजनों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने बुजुर्गों के मौलिक और संवैधानिक अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए सम्मान से जीने के अधिकार, भोजन, सुरक्षित आवास और समुचित चिकित्सा से संबंधित विभिन्न कानूनी संरक्षणों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बालिकाओं को 1090 ह्यूमैन पावर हेल्प लाइन, और डायल 112 नंबर के बारे मे बताया गया कि वह कैसे काम करता है और किस तरह आपकी सेवा में तत्पर है।
वहीं, पीएलवी निकेश कुमार पांडेय ने कहा कि देश का कानून बुजुर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम के अंतर्गत मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में बताते हुए कहा कि महिलाएं, बच्चे, अनुसूचित जाति/जनजाति के लोग और औद्योगिक श्रमिक मुफ्त कानूनी मदद प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और बाल श्रम निषेध कानून के प्रति भी समाज को सचेत रहने की अपील की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुलदीपक पाठक ने शिक्षा का अधिकार (RTE) जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विस्तार से जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका शकुंतला देवी, करीना खातून सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Jd News Vision