Breaking News

हरदोई में नकली दूध का बड़ा खुलासा! डिटर्जेंट-यूरिया बरामद, लखनऊ-कानपुर तक नेटवर्क की जांच

Jdnews Vision….

हरदोई में दूध के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। औद्योगिक क्षेत्र स्थित पूनम दूध डेयरी पर मंगलवार रात प्रशासन, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारकर दो टैंकर कथित सिंथेटिक दूध जब्त किए।

डेयरी परिसर से भारी मात्रा में दूध पाउडर, डिटर्जेंट, यूरिया और अन्य रसायन भी बरामद हुए। शुरुआती जांच में दूध पाउडर में विभिन्न पदार्थ मिलाकर कथित तौर पर नकली दूध तैयार किए जाने की आशंका जताई गई है। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

सूचना मिलते ही डेयरी पर पहुंची संयुक्त टीम

यह कार्रवाई औद्योगिक क्षेत्र के फेज-एक में स्थित पूनम दूध डेयरी पर की गई। डेयरी के संचालक प्रदीप कुमार बताए गए हैं। एसडीएम का कार्यभार देख रहीं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया और प्रशिक्षु आईपीएस एवं सीओ श्लोक गौतम को सूचना मिली थी कि डेयरी से दो टैंकर कथित नकली दूध लखनऊ भेजे जाने  वाली सूचना को गंभीरता से लेते हुए दोनों अधिकारियों ने खाद्य विभाग की टीम और भारी पुलिस बल के साथ मंगलवार रात छापा मारा। अधिकारियों के पहुंचते ही डेयरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने मौके पर तैयार दूध से भरे दोनों टैंकर अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद परिसर में मौजूद अन्य सामग्री की जांच की गई।

दो ट्रक दूध पाउडर, डिटर्जेंट और यूरिया बरामद

छापेमारी के दौरान डेयरी से करीब दो ट्रक दूध पाउडर की बोरियां मिलीं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में रसायन, डिटर्जेंट, यूरिया और अन्य सामग्री भी बरामद की गई। अधिकारियों की शुरुआती जांच में दूध पाउडर में रसायन और दूसरे पदार्थ मिलाकर सिंथेटिक दूध तैयार किए जाने की बात सामने आई है।

हालांकि, दूध में वास्तव में कौन-कौन से पदार्थ मिलाए गए थे और उसकी प्रकृति क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। खाद्य विभाग की टीम बरामद सामग्री और दूध के नमूनों की जांच कर रही है। रिपोर्ट से दूध की गुणवत्ता और उसमें मौजूद संभावित मिलावट के बारे में स्थिति स्पष्ट होगी।

लखनऊ-कानपुर तक सप्लाई की आशंका….

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डेयरी में तैयार दूध की आपूर्ति लखनऊ, कानपुर और आसपास के जिलों में की जाती थी। अधिकारियों को आशंका है कि इस कारोबार का नेटवर्क दूसरे क्षेत्रों तक भी फैला हो सकता है। इसी आधार पर पुलिस सप्लाई से जुड़े लोगों और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।

मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच के हर पहलू पर ध्यान दिया जा रहा है। बरामद दूध, रसायनों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे कथित मिलावट की वास्तविक स्थिति और इस कारोबार में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।

About admin

Check Also

Lucknow Regional WSCS Organises One-Day Women’s Retreat…

Jdnews Vision…. Lucknow, 7 November : : The Lucknow Regional Women’s Society of Christian Service …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *