Jdnews Vision…..
संतोष कुमार गुप्ता…
बीआरसी कौड़ीराम सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित…
कौड़ीराम, : : इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन (आईडीएफ) एवं इंटरनेशनल सोसायटी फॉर पीडियाट्रिक एंड एडोलसेंट डायबिटीज (आईएसपीएडी) के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘किड्स एंड डायबिटीज इन स्कूल’ कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को बीआरसी कौड़ीराम के सभागार में मधुमेह नियंत्रण विषयक एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षकों को स्कूली बच्चों में डायबिटीज की समय रहते पहचान और उसके प्रभावी प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बच्चों में हाई ब्लड शुगर और लो ब्लड शुगर के प्रमुख लक्षणों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर लक्षणों की पहचान कर उचित प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय सलाह से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है। साथ ही स्कूलों में बच्चों के स्वास्थ्य पर नियमित निगरानी रखने और अभिभावकों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी जय प्रकाश मौर्य ने कहा कि डायबिटीज किसी भी उम्र में हो सकती है, लेकिन बच्चों में इसके शुरुआती लक्षण अक्सर नजरअंदाज कर दिए जाते हैं। यही लापरवाही आगे चलकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनती है। उन्होंने कहा कि असंतुलित जीवनशैली, तनाव और गलत खान-पान इस बीमारी के प्रमुख कारण हैं। बच्चों में संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ दिनचर्या की आदत विकसित कर इस रोग पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में विशेष शिक्षक राजकुमार रजक, आशीष गुप्ता, विष्णु दत्त और शंभू पासवान ने सक्रिय सहयोग दिया। कार्यशाला में राकेश नायक, महेंद्र प्रताप सिंह, महेश्वरी पांडेय, श्याम प्रताप सिंह, योगेंद्र शुक्ल, राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों ने प्रतिभाग कर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
Jd News Vision