Jdnews Vision….
संतोष कुमार गुप्ता…
*6 हेल्थ एटीएम से 15–20 मिनट में होंगी 50 से अधिक जांचें…
गोरखपुर: : हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत ‘प्रोजेक्ट आरोग्य मित्र’ की शुरुआत करते हुए गोरखपुर के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में 6 हेल्थ एटीएम स्थापित कर उनका शुभारंभ किया। इस परियोजना का उद्घाटन एचयूआरएल के प्रबंध निदेशक डॉ. सिबा प्रसाद मोहंती ने किया।
करीब 52 लाख रुपये की लागत से लगाए गए इन हेल्थ एटीएम में 2 मशीनें एसएसबी कंपोजिट हॉस्पिटल, 2 बीआरडी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और 2 ललित नारायण मिश्र रेलवे अस्पताल में स्थापित की गई हैं। इन अत्याधुनिक डिजिटल हेल्थ एटीएम के जरिए आम नागरिकों को त्वरित और सुलभ स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी।
इन मशीनों के माध्यम से 50 से अधिक तरह की जांचें, जैसे रैंडम ब्लड शुगर, कुल कोलेस्ट्रॉल, HbA1c, ईसीजी, ऑडियोमेट्री और नेत्र परीक्षण समेत कई जरूरी टेस्ट मात्र 15 से 20 मिनट में किए जा सकेंगे। इससे रोगों की समय पर पहचान, तुरंत रिपोर्ट उपलब्ध होने और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
उद्घाटन अवसर पर प्रबंध निदेशक डॉ. सिबा प्रसाद मोहंती ने कहा कि एचयूआरएल का उद्देश्य केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। ‘प्रोजेक्ट आरोग्य मित्र’ के माध्यम से कंपनी गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण हो सके।
कार्यक्रम में अखिलेन्द्र सिंह (बिजनेस यूनिट हेड, एचयूआरएल गोरखपुर), चमन जग्गी (उपाध्यक्ष, सीएसआर), संत सिंह (मुख्य प्रबंधक, मानव संसाधन), डॉ. धर्मेंद्र (डीन, बीआरडी मेडिकल कॉलेज), डॉ. राम कुमार, डॉ. पंकज सोनी, एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी, एचयूआरएल के अन्य अधिकारी एवं परियोजना की कार्यान्वयन संस्था मानव विकास संस्था (MVS India) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Jd News Vision