जेडी न्यूज़ विज़न….
…लाखों के जेवर और मुकुट ले उड़े चोर…
लखनऊ: : राजधानी में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। महानगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले न्यू हैदराबाद इलाके में स्थित प्रसिद्ध पंच हनुमान मंदिर में रविवार रात भीषण चोरी की घटना सामने आई है।
चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर भगवान की मूर्तियों पर चढ़ाए गए कीमती जेवर और मुकुट पार कर दिए।
पता चली घटना के अनुसार सोमवार सुबह जब मंदिर के पुजारी और देख-रेख करने वाले कर्मचारी वहां पहुंचे, तो मंदिर का दृश्य देखकर दंग रह गए। मंदिर के मुख्य द्वार और दान पेटी के आसपास का सामान बिखरा हुआ था। प्राथमिक जांच में पता चला है कि चोरों ने मूर्तियों पर लगे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और मुकुट को अपना निशाना बनाया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मंदिर परिसर में जमा हो गई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए गए।
घटना की जानकारी मिलते ही महानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, चोरों ने मंदिर के सुनसान होने का फायदा उठाया और देर रात घटना को अंजाम दिया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल…
इस चोरी ने स्थानीय निवासियों में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। न्यू हैदराबाद जैसे पॉश इलाके में मंदिर में हुई इस बड़ी वारदात ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंदिर के कर्मचारियों ने शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने के लिए मंदिर परिसर का मुआयना कर रही है।
Jd News Vision