Jdnews Vision….
लखनऊ : : राजधानी में एक बड़ा हादसा हुआ है। लखनऊ यूनिवर्सिटी के पास सड़क पर भारी बारिश के बाद करीब 10 से 12 फीट का गड्ढा बन गया। बुधवार सुबह इसी गड्ढे में एक युवक मोटरसाइकिल लेकर गिर गया।
जैसे ही प्रशासन को सूचना मिली तुरंत युवक को गड्ढे से बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। इसके बाद एक क्रेन मंगवाई गई और उसकी मदद से मोटरसाइकिल को बाहर निकाला गया। हालांकि इस घटनाक्रम के बाद सड़क निर्माण विभाग पर भी सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि जब यह घटना हुई, उस समय कोई वहां पर मौजूद नहीं था। ऐसे में किसी ने यह नहीं देखा कि वह कैसे गिरा। नगर निगम और पुलिस की मदद से युवक को बाहर निकाला गया। वहां पर स्थानीय लोग भी मौजूद थे। गड्ढे की गहराई की वजह से यह वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा है। हालांकि अब सड़क पर आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है। नगर निगम की टीम गड्ढे भरने का काम कर रही है।
बता दें कि लखनऊ में मंगलवार को काफी अधिक बारिश हुई। मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे बारिश शुरू हुई थी, रात करीब 8:30 बजे तक बारिश हुई। इसके कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। लखनऊ के विक्रांत खंड, हजरतगंज, इंदिरा नगर, आशियाना, कृष्णा नगर, भूतनाथ, लेखराज और आलमबाग सहित कई इलाकों में बारिश के कारण नाले ओवरफ्लो हो गए।
वहीं तीन जगह पर सड़क पर गड्ढा बनने की खबरें भी सामने आई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारी बारिश के कारण चिनहट में रोलेक्स अपार्टमेंट के सामने की सड़क भारी बारिश के कारण धंस गई। यहां पर लगभग 10 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया। इसके अलावा हनुमान मार्केट चौराहे के पास मैनहोल के पास की सड़क भी धंस गई। यहां पर भी करीब 5 फीट गहरा गड्ढा बन गया। इन घटनाओं के बाद प्रशासन और नगर निगम को सूचना दी गई। हालांकि मौके पर तुरंत कोई रिस्पांस नहीं मिला।
Jd News Vision