Jdnews Vision….
उन्नाव : : यहाँ पर गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा के दौरान रविवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यात्रा में शामिल महिला के लंबे बाल अचानक चलते जनरेटर में फंस गए। जनरेटर की रफ्तार के साथ बाल खिंचते चले गए और एक झटके में सिर की खाल समेत उखड़ गए।
दर्दनाक हादसे में महिला मौके पर ही अचेत होकर सड़क पर गिर पड़ी। आनन-फानन में उसे कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
ये घटना गंगाघाट स्थित प्रेमनगर का है। कल्लो सोनकर ने बताया कि घर के बाहर गणेश स्थापना की गई थी। रविवार को प्रतिमा के विसर्जन के लिये शोभा यात्रा निकाली जा रही थी। इसमें शामिल होने के लिए गांधी नगर निवासी भतीजी बच्चा सोनकर आई थी। श्रद्धालु झूमते हुए कानपुर गोलाघाट विसर्जन करने जा रहे थे। अभी वे नवीन पुल पर पहुंचे ही थे बच्चा सोनकर के खुले बाल जनरेटर के घूमते हुए शाफ्ट (धुरी) के अगले हिस्से में लगे गोल हत्था लगाने वाले हब में फंस गए। बाल तेजी से घूमते हिस्से में लिपटते चले गए। इससे महिला के सिर के बाल खाल समेत उखड़ गए। घटना के बाद शोभायात्रा में अफरा-तफरी मच गई। बेहोशी की हालत में महिला को कानपुर हैलट ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर वहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। मौसी कल्लो ने बताया कि बच्चा के पति मोना लखनऊ में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उसके एक बेटा और बेटी है।
दो साल पहले हुआ था ऐसा ही हादसा….
कन्नौज में साल 2024 में मेले के झूले में 14 वर्षीय किशोरी अनुराधा के बाल बेलन में फंस गए थे। झूला रुकने तक बाल सिर की खाल समेत उखड़ गए थे। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज से पीजीआई लखनऊ रेफर किया गया था। कई दिन इलाज के बाद किशोरी की जान बच पाई थी।
महाराष्ट्र में भी महिला का उखड़े थे बाल….
महाराष्ट्र के यवतमाल में दो जायंट व्हील की बेयरिंग में 25 वर्षीय बाली मारोती तालिकोटे के बाल फंस गए। झूला चलता रहने से सिर की खाल का बड़ा हिस्सा उखड़ गया।
पहले भी हो चुके हैं हादसे….
अप्रैल 2026 में शामली में झूले की सपट में बच्ची की चोटी फंस गई और बाल सिर की खाल समेत उखड़ गए। वहीं, मार्च 2022 में महाराष्ट्र, महाड में मेले में झूले की सीट में एक महिला के बाल फंस गए। आधे बाल खाल समेत अलग हो गए।
Jd News Vision