जेडी न्यूज विजन
एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई, थाना परिसर में होमगार्ड रूम से दबोचा गया
हमराही ने इंस्पेक्टर के नाम का हवाला देकर रिश्वत की मांग की थी
एंटी करप्शन टीम देखकर थाना प्रभारी मौके से हो गए थे फरार
शाहजहांपुर: : भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जैतीपुर थाने में तैनात इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार का हमराही सिपाही विवेक कुमार को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सिपाही पर विवेचना निस्तारण के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में जैतीपुर क्षेत्र के गांव नौगवां गोविंद के पास हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। बाद में मृतक पक्ष ने मामले को हत्या बताते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। आरोप है कि इसी मामले की विवेचना के निस्तारण के बदले बरेली निवासी सुधांशु कुमार शर्मा से 35 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एंटी करप्शन संगठन को दी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार दोपहर शिकायतकर्ता ने जैतीपुर थाना परिसर में सिपाही विवेक कुमार को तय रकम सौंपी। जैसे ही रुपये का लेन-देन हुआ, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने सिपाही को रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई से थाना परिसर में हड़कंप मच गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी सिपाही को गढ़िया रंगीन थाने ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई। सूत्रों के अनुसार पूछताछ में यह तथ्य भी सामने आया है कि सिपाही ने इंस्पेक्टर के नाम का हवाला देकर रिश्वत की मांग की थी। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं विभागीय जांच शुरू किए जाने की भी संभावना जताई जा रही है।
Jd News Vision