Breaking News

नेशनल हाईवे पर सरकारी रोडवेज बस और ट्रक की भिड़ंत, बस चालक की मौके पर मौत, छह यात्री घायल….

जेडी न्यूज विजन…..

तिलहर/शाहजहांपुर : : तिलहर कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाइवे पर भीषण सड़क हादसा घटित हुआ।
क्षेत्र के नेशनल हाइवे स्थित ग्राम धनेली पलटू के समीप गुरुवार को समय करीब रात डेढ़ बजे सरकारी रोडवेज बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, सीतापुर से बरेली जा रही सरकारी रोडवेज बस नेशनल हाइवे स्थित ग्राम धनेली पलटू के पास आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। यात्रियों के मुताबिक ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण बस ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई और बस में सवार छह यात्री घायल हो गए।
हादसे में बस चालक प्रमोद कुमार (30) पुत्र शिशुपाल निवासी ग्राम ज्योति जागीर, थाना नवाबगंज, जनपद बरेली की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिलहर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रमोद कुमार को मृत घोषित कर दिया।
घायलों में परिचालक मुनेश कुमार (28) निवासी ग्राम सकबाई, थाना मोहम्मदाबाद, जनपद फर्रुखाबाद को मामूली चोटें आईं। वहीं बस में सवार मुकेश (38), उनकी पत्नी प्रीति (32) तथा पुत्र सार्थक (12) निवासी ग्राम बहादुरगढ़, थाना लहरपुर, जनपद सीतापुर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इसके अलावा नितिन कुमार (25) और गोलू सिंह (16) निवासी ग्राम नखुरी कला, थाना हरगांव को भी चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक जगेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी प्रिंस शर्मा ने बताया कि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

About admin

Check Also

झारखंडी में ओवरब्रिज निर्माण का हुआ भूमि पूजन,विकास को मिलेगी नई रफ्तार….

जेडी न्यूज़ विज़न…. सदर विधायक पल्टूराम एवं चेयरमैन डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरून्यूज़ विज़न विधि-विधान से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *