जेडी न्यूज विजन…..
शाहजहांपुर, 11 जून : : काकोरी ट्रेन एक्शन के महानायक, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं अमर क्रांतिकारी पंडित राम प्रसाद बिस्मिल की जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने बिस्मिल पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने पंडित राम प्रसाद बिस्मिल स्मारक पर भी पुष्प अर्पित कर देश की स्वतंत्रता के लिए दिए गए उनके अद्वितीय योगदान को याद किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पंडित राम प्रसाद बिस्मिल का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, साहस और बलिदान का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने देश को अंग्रेजी शासन से मुक्त कराने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका संघर्ष और बलिदान आज भी युवाओं को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात कर ही राष्ट्र के विकास और प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे पंडित राम प्रसाद बिस्मिल के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा देशहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करें। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे महान क्रांतिकारियों के बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी पंडित राम प्रसाद बिस्मिल की प्रतिमा एवं स्मारक पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने उनके आदर्शों एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर कवि डॉ० इंदु अजनबी, डॉ० अवधेश मणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
______
Jd News Vision