आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर का 155वां स्थापना दिवस 30 जून को,साहित्य,संस्कृति और संगीत का होगा भव्य संगम

जेडी न्यूज विजन…

बलरामपुर: :  आदर्श नगर पालिका परिषद,बलरामपुर के 155वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन 30 जून 2026 (मंगलवार) को एम.एल.के.डिग्री कॉलेज ऑडिटोरियम,बलरामपुर में भव्य रूप से किया जाएगा। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के अथक प्रयासों से आयोजित इस समारोह में सम्मान,सांस्कृतिक कार्यक्रम,संगीत संध्या तथा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन जैसे विविध आयोजन होंगे।
अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी.सिंह बैस ने बताया कि समारोह का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे होगा। सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक उद्घाटन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा,जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक नगर पालिका के सभासदों एवं कर्मचारियों का सम्मान समारोह होगा।
उन्होंने बताया कि शाम 6:00 बजे से 8:00 बजे तक संगीत का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा,जिसमें दिल्ली के सुप्रसिद्ध कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके उपरांत रात्रि 8:00 बजे से देर रात तक देश के प्रतिष्ठित कवियों,शायरों,साहित्यकारों और गायकों की गरिमामयी उपस्थिति में भव्य कवि सम्मेलन एवं साहित्य-संगीत सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन का उद्देश्य नगर की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ना तथा साहित्य,संगीत और कला को प्रोत्साहन देना है।
इस अवसर पर देश के प्रतिष्ठित साहित्यकार एवं कवि डॉ.कलीम कैसर,कुंवर जावेद,मणिका दुबे,डॉ.दिनेश रघुवंशी,अभय निर्भीक,विकास बौखल,रूकसार बलरामपुरी और अकमल बलरामपुरी अपनी काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
इसके साथ ही स्थानीय साहित्यकारों एवं कलाकारों में विनोद कुमार सिंह ‘कलहंस’,मनोज मिश्रा ‘कप्तान’,आदर्श त्रिपाठी,दिल्ली के प्रख्यात गायक एस.डी.सिंह,स्थानीय गायिका मान्डवी तिवारी,वैष्णवी सिकरवार,अंशिका उपाध्याय,संजय गिरी,सूरज श्रीवास्तव तथा सूर्य प्रकाश शुक्ला अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
नगर पालिका परिषद ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर साहित्य,संस्कृति,संगीत और कला के इस भव्य महोत्सव का हिस्सा बनें तथा अपने नगर के 155वें स्थापना दिवस समारोह को ऐतिहासिक बनाने में सहभागी बनें।

About admin

Check Also

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नामकरण संघर्ष समिति की संचालन समिति का किया गया गठन 

Jdnews vision…. ग्रेटर नोयडा : : यहां एक विशेष बैठक में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *