Jdnews vision…..
विशाखापत्तनम, 9 जुलाई: : दक्षिण तट रेलवे के महाप्रबंधक संदीप माथुर ने गुरुवार को विशाखापत्तनम मंडल के मानसून के दौरान जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) का विस्तृत निरीक्षण कर रेलवे की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारी वर्षा के दौरान आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और जलभराव की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ विशाखापत्तनम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ललित बोहरा, प्रमुख मुख्य अभियंता बी.एस.के. राजकुमार तथा जोन और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

महाप्रबंधक ने पेंदुर्ती–सिंहाचलम नॉर्थ रेलखंड तथा गोपालपट्टनम–विशाखापत्तनम रेलखंड के जलभराव संभावित सबवे का निरीक्षण किया। उन्होंने मानसून के दौरान जल निकासी की व्यवस्था, डीजल एवं विद्युत पंपों की उपलब्धता, सम्प (Sump) व्यवस्था, प्राकृतिक जल निकासी, सीसीटीवी निगरानी, पंप शेड, क्रॉस ड्रेनेज सिस्टम, सुरक्षा चेन, स्टॉप बोर्ड तथा स्पीड ब्रेकर जैसी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
संदीप माथुर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून के पूरे मौसम में सभी जल निकासी उपकरण पूरी तरह कार्यशील अवस्था में रखें जाएं। कहीं भी जलभराव होने पर तत्काल पंपों के माध्यम से पानी निकाला जाए, ताकि सबवे को शीघ्र ही आम जनता के सुरक्षित आवागमन के लिए खोला जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को मौसम विभाग के पूर्वानुमानों पर लगातार नजर रखने, भारी वर्षा के दौरान संवेदनशील स्थानों पर चौबीसों घंटे कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा इंजीनियरिंग, विद्युत और परिचालन विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Jd News Vision