Breaking News

बिलासपुर में लगातार बारिश के बाद जनजीवन को सामान्य बनाने हेतु अमर अग्रवाल ने दिए निर्देश….

Jdnews Vision….

बिलासपुर में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस चुनौतीपूर्ण समय में बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने विधानसभा सत्र की व्यस्तताओं के बीच स्थिति का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम के साथ मिलकर राहत कार्यों को गति प्रदान की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और उन्हें राहत पहुँचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

राहत और बचाव कार्यों को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से श्री अग्रवाल ने एक विशेष ‘टास्क फोर्स’ को निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित जलनिकासी, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति और बिजली सेवाओं की बहाली के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। जनस्वास्थ्य की दृष्टि से उन्होंने सिम्स और जिला अस्पताल को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को किसी भी मौसमी बीमारी की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।

इसके अतिरिक्त, बारिश के कारण जिन परिवारों के कच्चे मकानों को नुकसान पहुँचा है, उन्हें राहत प्रदान करने हेतु आरबीसी 6(4) के तहत तत्काल मुआवज़ा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और उनके आवागमन को लेकर भी उन्होंने विशेष सावधानी बरतने को कहा है। उन्होंने सभी पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में उपस्थित रहकर नागरिकों की हर संभव सहायता करें।

अमर अग्रवाल ने शहरवासियों से सुरक्षित रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के आपसी सहयोग से शहर की स्थिति जल्द ही पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। दोपहर बाद बारिश थमने के साथ ही प्रशासन अब प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाने के कार्य में पूरी तत्परता से जुटा हुआ है।

About admin

Check Also

रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने, मना करने पर चाकू की नोक पर लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Jdnews Vision…. बिलासपुर (छ.ग.) : :  रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने, मना …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *