Jdnews Vision….
विशाखापत्तनम: : रोटरी मीन्स बिजनेस (RMB) की साप्ताहिक बैठक शनिवार को सूर्याबाग स्थित होटल की (Hotel Key) में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष सुधीर चौधरी ने की। इस अवसर पर सचिव ललित जैन, कोषाध्यक्ष कोडाली नानी, संयुक्त सचिव श्रीरंगा, मेंटर नटवर लाल राठौड़ सहित क्लब के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञ सदस्यों ने अपने-अपने व्यवसाय एवं अनुभव साझा किए। प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुब्रमण्यम ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन, पर्याप्त नींद तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सत इसबगोल पाचन तंत्र को बेहतर बनाने, कब्ज से राहत दिलाने और कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित रखने में सहायक होता है। वहीं ब्राउन राइस में फाइबर, विटामिन और खनिज प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो हृदय स्वास्थ्य, मधुमेह नियंत्रण तथा वजन संतुलित रखने में लाभकारी हैं। उन्होंने कहा कि “Health is Wealth” केवल एक कहावत नहीं, बल्कि सफल जीवन का मूल मंत्र है।

बायोमेडिकल इंजीनियर एवं मेडिकल उपकरण वितरक नायडू बाबू ने आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पतालों, नर्सिंग होम और डायग्नोस्टिक सेंटरों में उपयोग होने वाले आधुनिक उपकरण मरीजों की सटीक जांच और बेहतर उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सदस्य रमना ने बैंकिंग क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पर्सनल लोन, होम लोन तथा उनकी पात्रता, ब्याज दर और प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
ज्वेलरी व्यवसायी श्रीरंगा ने सोना और चांदी की खरीद के दौरान हॉलमार्क, शुद्धता तथा सुरक्षित निवेश के महत्व पर प्रकाश डाला।
क्लब के सचिव ललित जैन ने इलेक्ट्रिकल एवं घरेलू उपकरणों के व्यवसाय, आधुनिक तकनीक तथा ऊर्जा की बचत करने वाले उत्पादों की बढ़ती मांग पर अपने विचार रखे।
सदस्य प्रवीण ने जीवन एवं स्वास्थ्य बीमा के महत्व पर जानकारी देते हुए कहा कि समय पर लिया गया बीमा परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करता है और आकस्मिक परिस्थितियों में वित्तीय सहायता का मजबूत आधार बनता है।
बैठक के अंत में अध्यक्ष सुधीर चौधरी ने सभी वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि RMB केवल व्यापारिक नेटवर्क का मंच नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुभव और व्यावसायिक सहयोग का सशक्त माध्यम है, जहां सदस्य एक-दूसरे के अनुभवों से सीखते हुए अपने व्यवसाय को नई दिशा देते हैं।
राघवेन्द्र मिश्रा
प्रबंध संपादके जेडी न्यूज़ विज़न…..
कार्यकारी संपादक, हिंदी विशाखा समाचार
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, BSPS जर्नलिस्ट यूनियन, नई दिल्ली
Jd News Vision