Jdnews Vision…..
संतोष कुमार गुप्ता….
*जन्म-मृत्यु आवेदन शुल्क संशोधन व ड्रोन सर्वे प्रस्ताव को मंजूरी…
गोरखपुर : : नगर निगम गोरखपुर की कार्यकारिणी समिति की बैठक में उपसभापति पद का चुनाव निर्विरोध सम्पन्न हुआ। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कार्यकारिणी कक्ष में आयोजित 15वीं बैठक में वार्ड संख्या-80 राप्तीनगर की पार्षद पूनम सिंह को सर्वसम्मति से उपसभापति चुना गया।
बैठक में एजेंडा के अनुसार पहले बिंदु पर 12 जून 2026 को हुई 14वीं बैठक की कार्यवाही की पुष्टि सर्वसम्मति से की गई। इसके बाद उपसभापति के चुनाव के लिए कार्यकारिणी सदस्य अशोक कुमार मिश्रा ने पूनम सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी सदस्यों ने समर्थन दिया और उन्हें निर्विरोध उपसभापति चुन लिया गया। इसके पश्चात महापौर ने उन्हें बधाई देते हुए पदभार ग्रहण कराया।
एजेंडा के तीसरे बिंदु पर 21 अप्रैल 2026 को हुई 13वीं बैठक के अनुपालन आख्या की पुष्टि भी सर्वसम्मति से पारित की गई। बैठक में जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से जुड़े आवेदन शुल्क में संशोधन को मंजूरी दी गई। तय किया गया कि जन्म या मृत्यु की तिथि से एक माह के भीतर आवेदन करने पर 20 रुपये, एक माह से एक वर्ष के भीतर 50 रुपये तथा एक वर्ष से अधिक समय बाद आवेदन करने पर 100 रुपये शुल्क लिया जाएगा।
इसके अलावा ‘नक्शा प्रोजेक्ट’ के तहत महानगर की संपत्तियों का ड्रोन से फोटो सर्वे किए जाने के साथ ही ग्राउंड लेवल पर भवनों का सर्वे कराने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इससे नगर निगम क्षेत्र में संपत्तियों का सटीक डाटा तैयार करने में मदद मिलेगी।
Jd News Vision