Breaking News

जिला अस्पताल में किया शिविर का आयोजन…

Jdnews Vision

उरई (जालौन)। अनुरागिनी एवं ऑपरेशन स्माइल के संयुक्त तत्वावधान में जिला पुरुष चिकित्सालय, उरई परिसर में कटे होंठ एवं फटे तालू (क्लेफ्ट लिप एवं क्लेफ्ट पैलेट) से पीड़ित बच्चों एवं वयस्कों के लिए निःशुल्क पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 16 मरीजों ने पंजीयन कराया, जिनमें से चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत 12 मरीजों का निःशुल्क शल्य चिकित्सा (सर्जरी) हेतु चयन किया गया।

ऑपरेशन स्माइल के प्रोग्राम स्पेशलिस्ट रोहित सिंह एवं प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर सुयश ने बताया कि कटे होंठ एवं फटे तालू जैसी जन्मजात विकृति का सफल उपचार संभव है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन स्माइल का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद मरीज तक निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार की सुविधा पहुँचाना है। साथ ही लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई बच्चा या व्यक्ति इस समस्या से पीड़ित है, तो उसे इस अभियान से जोड़कर उपचार का लाभ दिलाने में सहयोग करें।

शिविर का उद्देश्य जन्मजात कटे होंठ एवं फटे तालू जैसी समस्या से पीड़ित मरीजों को समय पर निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। चयनित सभी मरीजों की सर्जरी महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी में ऑपरेशन स्माइल के सहयोग से विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क की जाएगी। साथ ही मरीजों एवं उनके परिजनों को उपचार संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया जाएगा।

अनुरागिनी संस्था के रजिस्ट्रेशन कैंप संयोजक श्याम करण प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि आज आयोजित पंजीयन शिविर में पंजीकृत सभी मरीजों का उपचार महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनुरागिनी संस्था समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य एवं पंजीयन शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र मरीजों से इस अभियान का लाभ उठाने की अपील की।

About admin

Check Also

प्रधान पति सहित सात लोग भेजे गए जेल….

Jdnews Vision… लखनऊ : गोसाईगंज में मजदूर आजाद की हत्या के मामले में नामजद आरोपी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *