एमिटी विश्वविद्यालय लखनऊ में प्रतिष्ठित काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर (सीओए) जोन-1 ज्यूरी अवार्ड्स 2026 का शुभारंभ….

Jdnews Vision…..

लखनऊ, 19 अगस्त : : एमिटी स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग (एएसएपी), एमिटी विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ परिसर में प्रतिष्ठित काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर (सीओए) जोन-1 ज्यूरी अवार्ड्स 2026 का तीन दिवसीय आयोजन बुधवार को भव्य रूप से शुरू हुआ। इस प्रतिष्ठित आयोजन में सीओए जोन-1 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वास्तुकला संस्थानों के प्रख्यात वास्तुविद्, विशेषज्ञ ज्यूरी सदस्य, शिक्षाविद्, फैकल्टी सदस्य और प्रतिभाशाली आर्किटेक्चर विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं।

 

आयोजन के प्रथम दिन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्राप्त उत्कृष्ट प्रविष्टियों की विशेष प्रदर्शनी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि आर्किटेक्ट गौरी नितिन शियूरकर, और विंग कमांडर प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार तिवारी, डिप्टी प्रो वाइस चांसलर, एमिटी विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ परिसर ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में देशभर के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत अभिनव वास्तु अवधारणाओं, रचनात्मक डिजाइनों और उत्कृष्ट अकादमिक कार्यों को प्रदर्शित किया गया है।

 

इस अवसर पर प्रो. जगबीर सिंह, निदेशक, एमिटी स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग, सीओए के ज्यूरी सदस्य प्रो. बी. सुरेश, आर्किटेक्ट तनुश्री मोकडे, आर्किटेक्ट अनिरुद्ध पॉल, सीओए अवार्ड्स कमेटी के सदस्य आर्किटेक्ट भावना विमावाला, आर्किटेक्ट रामा सुब्रमणियम एवं आर्किटेक्ट जयश्री देशपांडे सहित एमिटी विश्वविद्यालय के विभिन्न संस्थानों के निदेशक एवं विभागाध्यक्ष, शहर के प्रतिष्ठित वास्तुविद् तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

 

राष्ट्रीय स्तर की इन प्रतियोगिताओं की प्रविष्टियों पर आधारित प्रदर्शनी विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, नवीन डिजाइन दृष्टिकोण, तकनीकी दक्षता और वास्तुकला के प्रति उनकी संवेदनशीलता को प्रदर्शित करती है। प्रदर्शनी में प्रस्तुत कार्यों के माध्यम से वास्तुकला के क्षेत्र में उभर रही नई प्रतिभाओं और बदलती डिजाइन अवधारणाओं की झलक देखने को मिल रही है।

 

काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर द्वारा आयोजित यह प्रतिष्ठित आयोजन देशभर में वास्तुकला शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों को पहचान एवं राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है। इसमें देश के प्रमुख वास्तुकला संस्थानों के शिक्षक, विशेषज्ञ और जोन-1 के उत्कृष्ट विद्यार्थी अपने विचारों, डिजाइनों एवं रचनात्मक कार्यों को प्रस्तुत कर रहे हैं।

 

सीओए जोन-1 ज्यूरी अवार्ड्स 2026 के अंतर्गत तीन प्रमुख श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगेकृकाउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर अवार्ड्स फॉर एक्सीलेंस इन आर्किटेक्चरल थीसिस, जेके एवाईए बेस्ट आर्किटेक्चर स्टूडेंट ऑफ द ईयर अवार्ड तथा स्टूडेंट्स अवार्ड्स फॉर एक्सीलेंस इन डॉक्यूमेंटेशन ऑफ आर्किटेक्चरल हेरिटेज । इन पुरस्कारों का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचारपूर्ण डिजाइन सोच, शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ भारत की समृद्ध वास्तुकला विरासत के दस्तावेजीकरण और संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।

 

आयोजन के दूसरे दिन 20 अगस्त को शीर्ष 10 फाइनलिस्ट के चयन एवं मूल्यांकन के लिए विशेषज्ञ ज्यूरी द्वारा बंद-द्वार सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही वास्तुकला विरासत के दस्तावेजीकरण से संबंधित उत्कृष्ट परियोजनाओं की प्रदर्शनी भी जारी रहेगी।

 

तीन दिवसीय यह अकादमिक एवं वास्तुकला महोत्सव 21 अगस्त को शीर्ष 10 फाइनलिस्ट की पब्लिक ज्यूरी तथा अंतिम पुरस्कार एवं सम्मान समारोह के साथ संपन्न होगा। इस अवसर पर प्रख्यात वास्तुविदों, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों के बीच सार्थक संवाद होगा तथा वास्तुकला के क्षेत्र में उभरते रुझानों, नवीन डिजाइन अवधारणाओं और भविष्य के वास्तु नेतृत्व पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

 

एमिटी विश्वविद्यालय लखनऊ में काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर (सीओए) जोन-1 ज्यूरी अवार्ड्स 2026 की मेजबानी विश्वविद्यालय की वास्तुकला शिक्षा में उत्कृष्टता, नवाचार एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देने, देश की समृद्ध वास्तुकला विरासत के संरक्षण तथा अकादमिक एवं उद्योग जगत के बीच सार्थक सहभागिता को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

About admin

Check Also

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नामकरण संघर्ष समिति की संचालन समिति का किया गया गठन 

Jdnews vision…. ग्रेटर नोयडा : : यहां एक विशेष बैठक में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *