Breaking News

साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे बड़ा सुरक्षा कवच : उप मुख्यमंत्री अरुण साव…

Jdnews Vision….

बिलासपुर, 12 सितंबर : : अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, कोनी में छत्तीसगढ़ पुलिस एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित साइबर जागृति अभियान में उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए आम नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं में जागरूकता एवं सतर्कता को आवश्यक बताते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग जितनी तेजी से बढ़ रहा है, उतनी ही गंभीरता से साइबर सुरक्षा को लेकर सजग रहने की जरूरत है।

साव ने कहा कि डिजिटल युग में मोबाइल, इंटरनेट और ऑनलाइन माध्यम हमारी दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में साइबर अपराधों के नए-नए तरीके भी सामने आ रहे हैं। थोड़ी सी असावधानी से आर्थिक नुकसान के साथ व्यक्तिगत जानकारी भी अपराधियों के हाथ लग सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सतर्क नागरिक ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव हैं।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध कॉल अथवा संदेश पर व्यक्तिगत एवं बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध होने पर घबराने के बजाय तत्काल इसकी सूचना पुलिस को देना चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

अभियान के दौरान साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, उनसे बचाव के उपायों तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों सहित विश्वविद्यालय के विद्यार्थी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा। अभियान के माध्यम से “स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक करें” का संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्रभारी कुलपति डॉ. एच.एस. होता, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, कुलसचिव तारणीश गौतम, ग्रामीण भाजपा जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, एनएसएस के प्रभारी प्रोफेसर मनोज सिन्हा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा उपस्थित थे।

About admin

Check Also

ठेका श्रमिक को धारदार हथियार से मारपीट करने वाले एक आरोपी तथा दो अपचारी बालक गिरफ्तारeehuc 

Jdnews Vision…. बिलासपुर(छ0ग0) : :  14.09.थाना-सीपत: ठेका श्रमिक को धारदार हथियार से मारपीट करने वाले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *