Jdnews Vision….
संतोष कुमार गुप्ता….
– सपा प्रदेश अध्यक्ष ने बांसगांव विधानसभा के चवरियां में पीडीए बैठक को किया संबोधित
– 2027 में सामाजिक न्याय की सरकार बनाने का आह्वान
गजपुर बाजार : समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने शुक्रवार को बांसगांव विधानसभा क्षेत्र के चवरियां स्थित एक मैरेज हाल में आयोजित पीडीए बैठक को संबोधित किया। उन्होंने संविधान, सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और वंचित वर्गों के अधिकारों को लेकर कार्यकर्ताओं को जागरूक किया। आगामी विधानसभा चुनाव में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और सामाजिक न्याय की सरकार बनाने का आह्वान किया।
श्यामलाल पाल ने कहा बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसमें सभी वर्गों को अधिकार मिले हैं। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने कहा समाज के वंचित वर्गों को उनके अधिकार और प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। कार्यकर्ताओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की।
उन्होंने बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा। कहा कि नौजवान रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। नीट जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक से छात्रों के भविष्य पर असर पड़ता है। सरकार को युवाओं की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। कहा कि सरकारी प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने से गरीब और वंचित परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित होगी। उन्होंने शिक्षा के प्रसार और स्कूलों की व्यवस्था दुरुस्त करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने किसानों की समस्याओं और महंगाई का जिक्र करते हुए खाद की बोरी का वजन घटाए जाने का मुद्दा उठाया। साथ ही पूर्व में किए गए 15 लाख रुपये और प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार के वादों का उल्लेख करते हुए सरकार से जवाब मांगा।
कार्यकर्ताओं से कहा चुनाव के समय बहकावे और प्रलोभन से सावधान रहें। वोट का अधिकार लोकतंत्र का सबसे बड़ा हथियार है। अपने बूथों को मजबूत करें और 2027 में सामाजिक न्याय की सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर काम करें। पूर्व प्रत्याशी डा संजय कुमार, जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम, संजय पहलवान, रामनिरंजन यादव, अनुराग श्रीवास्तव, रविशंकर राय, सुरेन्द्र प्रताप यादव, शशिकांत दूबे, राजन यादव आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Jd News Vision