Jdnews Vision….
संतोष कुमार गुप्ता….
कौड़ीराम : : सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को कौड़ीराम ब्लॉक के परिषदीय स्कूलों में न्याय पंचायत स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। ब्लॉक के जानीपुर, भिटहा, बासुडीहा, डवरपार आदि न्याय पंचायत के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ की कल्पना को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा।

बच्चों ने अखंड भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों, गौरवशाली धरोहर, सांस्कृतिक विरासत, क्षेत्रीय विविधता, उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर, स्वच्छता, वैज्ञानिक प्रगति जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और मौलिक सोच के साथ रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।

न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अब ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। खंड शिक्षा अधिकारी जय प्रकाश मौर्य ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में मौलिक सोच, कल्पनाशीलता और रचनात्मक क्षमता का विकास होता है। प्रतियोगिता के आयोजन में सुमित गुप्ता, मनोज यादव, विनोद कुमार, हरिकेश यादव और महेंद्र प्रताप सिंह, प्रदीप साहनी सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा।
Jd News Vision