Jdnews Vision……
अयोध्या : : कल्याणम करोति द्वारा संचालित श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय, अयोध्या में ‘ज्योति महायज्ञ – निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर’ का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ सम्पन्न हुआ।
शिविर का उद्घाटन परम पूज्य कमल नयन शास्त्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के आरम्भ में संस्था के महामंत्री राष्ट्रगौरव शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

उन्होंने बताया कि यह सेवा शिविर 1 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक चलेगा, जिसमें 2,000 निर्धन एवं जरूरतमंद नेत्र रोगियों के निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन का लक्ष्य रखा गया है।
यह पूरा अभियान वास्प अमेरिका के संस्थापक अध्यक्ष प्रणव देसाई की सद्प्रेरणा से संचालित हो रहा है, जिनके सहयोग से अब तक अयोध्या में 7,500 से अधिक निःशुल्क ऑपरेशन सम्पन्न किये जा चुके हैं। इस अवसर पर परम पूज्य कमल नयन शास्त्री ने प्रणव देसाई की निःस्वार्थ सेवा भावना तथा इस पुनीत शिविर के आयोजन हेतु हृदय से धन्यवाद दिया।
ज्ञातव्य हो कि 21 वर्ष पूर्व 4 नवम्बर को इस चिकित्सालय का उद्घाटन किया गया था, तब से अब तक 12 लाख से अधिक नेत्र रोगियों का परीक्षण एवं 2,54,000 से अधिक सफल ऑपरेशन सम्पन्न किये जा चुके हैं।
समारोह में वरिष्ठ चिकित्सकगण डॉ. वाई. पी. तिवारी, डॉ. पारिजात शुक्ला, डॉ. श्वेता वर्मा, डॉ. आकांक्षा अग्रवाल एवं डॉ. दीप्ती सहित महाप्रबंधक डी. एन. मिश्रा, हरीश मलिक, डॉ. राजेश तिवारी, उदयभान पाठक, उमादत्त मिश्रा, लक्ष्मण तिवारी, वीरेन्द्र यादव, उमेश वर्मा, शिवम् तिवारी सहित समस्त कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में नेत्र रोगी उपस्थित रहे।
Jd News Vision