Jdnews Vision…..
….संवाददाता…
….हितेश कुमार जोशी….
जोधपुर के बावड़ी क्षेत्र में युवक की हत्या के बाद तनाव फैल गया.गुस्साए परिजनों ने हाइवे जाम कर दिया और जमकर पथराव किया. इस दौरान वाहनों की दोनों ओर कतारें लग गयीं.
राजस्थान के जोधपुर में बावड़ी क्षेत्र के बिराई गांव में रविवार सुबह एक युवक की हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और नट समाज के लोगों ने बावड़ी में नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया
इस दौरान दोनों पक्षों के बीच पथराव होने की भी जानकारी सामने आई है. पथराव का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है. हाईवे पर जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ.
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बबलू पुत्र तहसीलदार नट (30) निवासी बिराई के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 6 बजे एक पिकअप गाड़ी की टक्कर से युवक की मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि घटना से एक रात पहले युवक का किसी व्यक्ति के साथ विवाद हुआ था. इसी विवाद के बाद सुबह पिकअप से टक्कर मारने की बात सामने आ रही है. हालांकि, यह हादसा था या जानबूझकर की गई वारदात, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और समाज के लोग आक्रोशित हो गए. उन्होंने बावड़ी में नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. इस दौरान दूसरे पक्ष के साथ तनाव बढ़ने पर पथराव की घटना भी सामने आई.प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के देरी से मौके पर पहुंचने को लेकर नाराजगी जताई. हाईवे पर जाम लगने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. मृतक के शव को बावड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है. घटना के वास्तविक कारणों, पिकअप चालक की भूमिका और पथराव में शामिल लोगों को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
Jd News Vision