Breaking News

लखनऊ अग्निकांड से दिल्ली में खलबली …दमकल विभाग ने संकरी गलियों के लिए मंगाए 26 नए वाहन….

जेडी न्यूज विजन……

नई दिल्ली :  : लखनऊ के अलीगंज स्थित तीन मंजिला कॉमर्शियल कॉम्पलेक्स में सोमवार को लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत ने एक बार फिर देशभर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस दर्दनाक हादसे ने राजधानी दिल्ली में हाल के वर्षों में हुए उन बड़े अग्निकांडों की यादें ताजा कर दी हैं, जिनमें दर्जनों लोगों ने अपनी जान गंवाई थीं।

दिल्ली में भी आग की घटनाएं लगातार लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रही हैं। इस वर्ष राजधानी में हौजरानी, विवेक विहार, पालम और तुगलकाबाद एक्सटेंशन समेत कई बड़े अग्निकांडों में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। दमकल विभाग के आंकड़े बताते हैं कि आग लगने की घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक, सरकारी विभागों में चरम पर फैले भ्रष्टाचार के कारण सुरक्षा मानकों की अनदेखी, अवैध निर्माण और आपातकालीन इंतजामों की कमी ऐसे हादसों को और भयावह बना रही है।

इस वर्ष हुए प्रमुख अग्निकांडों में दक्षिण दिल्ली के हौजरानी इलाके में लगी भीषण आग में 23 लोगों की जान चली गई थी। वहीं विवेक विहार स्थित एक अस्पताल में हुए अग्निकांड में नौ लोगों की मौत हो गई थी। पालम क्षेत्र में आग लगने की घटना में भी नौ लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि तुगलकाबाद एक्सटेंशन में एक इमारत में लगी आग से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी।

44 लोगों की झुलसने से हुई मौत

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, 21 मई तक राजधानी में आग लगने की कुल 8,680 सूचनाएं प्राप्त हुईं। इनमें 44 लोगों की झुलसने से मौत हो गई, जबकि 326 लोग घायल हुए। दमकल अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश घटनाओं में शार्ट सर्किट, सुरक्षा उपकरणों की कमी और अग्निशमन नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई है।

26 और क्यूआरवी जल्द दमकल के बेड़े में होंगी शामिल

दिल्ली में आग लगने की बढ़ती घटनाओं को लेकर दमकल विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती संकरी गलियों में आग बुझाना होता है। ऐसे में 24 क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (क्यूआरवी) को दमकल में शामिल किया गया था। अब 26 और क्यूआरवी को दमकल के बेड़े में शामिल किया जा रहा है। दमकल अधिकारी के मुताबिक, इसी सप्ताह इन वाहनों को शामिल किया जा सकता है।

यह वाहन पीसीआर के साथ मिलकर संकरी गलियों में जहां बड़े वाहन नहीं जा सकते तुरंत पहुंचकर आग पर काबू पाएंगे। हालांकि दमकल विभाग में कर्मचारियों की भारी कमी और दमकल केंद्रों की कमी को जब तक दूर नहीं किया जाएगा तब तक कि आग लगने की घटनाओं पर विभाग समय पर कार्रवाई नहीं कर पाएगा। राजधानी में ना तो पर्याप्त दमकल केंद्र हैं और न ही एक भी केंद्र पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती है।

दिल्ली में आग लगने की प्रमुख घटनाएं

  • 12 जून 2026 – तुगलकाबाद एक्सटेंशन में भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हुई थी।
  • 3 जून 2026 – हौजरानी इलाके में स्थित गेस्ट हाउस में भीषण आग लगने से 23 लोगों की मौत हुई थी
  • 18 मार्च 2026 : पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी और 3 लोग घायल हो गए थे।
  • 4 मई 2026 : शाहदरा इलाके के विवेक विहार में एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
  • 15 फरवरी 2024 – अलीपुर स्थित एक पेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग में 11 लोगों की जलकर मौत हो गई थी और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
  • 25 मई 2024 – दिल्ली के विवेक विहार स्थित बेबी केयर न्यू बोर्न अस्पताल में भीषण अग्निकांड में सात नवजात शिशुओं की जान चली गई थी। यह आग कथित तौर पर आक्सीजन सिलिंडर में विस्फोट के कारण फैली थी।
  • 13 मई 2022 – मुंडका में मेट्रो पिलर नंबर 544 के पास एक चार मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग में शार्ट सर्किट के कारण आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई थी।
  • 12 फरवरी 2019 – करोल बाग स्थित अर्पित पैलेस होटल में भीषण अग्निकांड में 17 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें एक बच्चा भी शामिल था।
  • 8 दिसंबर 2019 – रानी झांसी रोड स्थित अनाज मंडी (फिल्मिस्तान) में चार-पांच मंजिला इमारत में लगी आग में 43 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें ज्यादातर श्रमिक थे जो रात में सो रहे थे।
  • 20 जनवरी 2018 – बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में पटाखा व प्लास्टिक यूनिट में लगी आग में 17 लोगों की मौत हुई थी।
  • 13 अप्रैल 2018 – कोहाट एन्क्लेव के रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हुई थी।
  • 19 नवंबर 2018 – करोल बाग की फैक्ट्री में भीषण आग लगने से चार लोगों की मौत हुई थी और एक व्यक्ति घायल हुआ था।
  • 20 नवंबर 2011 – नंद नगरी कम्युनिटी हाल में लगी आग में 14 लोगों की मौत हुई थी और इस हादसे में 30 से अधिक लोग घायल हुए थे।
  • 13 जून 1997 – दिल्ली का सबसे बड़ा अग्निकांड उपहार सिनेमा, ग्रीन पार्क में हुआ था, जिसमें 59 लोगों की मौत हुई थी और 100 से अधिक लोग घायल घायल हुए थे।

मोहम्मद साकिब…

G F…..

About admin

Check Also

13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन होने को लेकर संसद में बिल लाने की तैयारी….

Jdnews Vision…. बच्चों को इंटरनेट और सोशल मीडिया के दुष्परिणामों से बचाने और डिजिटल स्पेस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *