रेलवे की रफ्तार बरकरार: जून में 14.22 करोड़ टन माल ढुलाई, 64 करोड़ के करीब यात्रियों ने किया सफर….

जेडी न्यूज विजन …

नई दिल्ली : :  भारतीय रेलवे ने जून 2026 में माल ढुलाई और यात्री परिवहन दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज करते हुए देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका फिर साबित की है। जून 2025 की तुलना में इस वर्ष जून में रेलवे ने 14.22 करोड़ टन (142.21 मिलियन टन) माल की ढुलाई की, जो 4 प्रतिशत अधिक है। वहीं माल भाड़े से रेलवे की आय में भी करीब 430 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

रेल मंत्रालय के अनुसार, जून महीने में उर्वरक (फर्टिलाइजर) की लोडिंग में 19.1 प्रतिशत, अन्य वस्तुओं की ढुलाई में 17.3 प्रतिशत, लौह अयस्क (आयरन ओर) में 9.4 प्रतिशत तथा क्लिंकर में 7.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए रेलवे ने ताप विद्युत संयंत्रों तक 7 प्रतिशत अधिक कोयले की आपूर्ति भी सुनिश्चित की।

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में रेलवे ने 41.91 करोड़ टन से अधिक माल ढुलाई की, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 41.30 करोड़ टन से अधिक है। यह लगातार बढ़ती माल परिवहन क्षमता और बेहतर परिचालन दक्षता का संकेत है।

यात्री सेवाओं के क्षेत्र में भी भारतीय रेलवे का प्रदर्शन मजबूत रहा। जून 2026 में रेलवे से 63.81 करोड़ यात्रियों ने सफर किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 62.37 करोड़ थी। गैर-उपनगरीय (लंबी एवं मध्यम दूरी) यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में 3.9 प्रतिशत तथा उपनगरीय यात्रियों में 0.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

रेल मंत्रालय ने बताया कि यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए देशभर में अब 164 वंदे भारत ट्रेनों तथा 72 अमृत भारत ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। जून के दौरान चार नई अमृत भारत ट्रेनें भी शुरू की गईं, जिससे लंबी दूरी की किफायती यात्रा को और मजबूती मिली।
रेल मंत्रालय का कहना है कि माल ढुलाई, यात्री सेवाओं के विस्तार और आधुनिक रेल अवसंरचना के विकास के माध्यम से भारतीय रेलवे सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती परिवहन उपलब्ध कराने के साथ-साथ देश की आर्थिक प्रगति को गति देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

(राघवेन्द्र मिश्रा )

…प्रबन्ध संपादक…

JD NEWS VISION…

About admin

Check Also

*सोचा न था*

Jdnews Vision….. *सोचा न था*   आप चले जाएंगे छोड़कर सोचा न था, फिर देखेंगे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *