Jd news vision….
राघवेंद्र मिश्रा….
मैनेजिंग एडिटर….
भुवनेश्वर, 6 जुलाई : : ओडिशा के मुख्यमंत्री और केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने सोमवार को पुरी रेलवे स्टेशन से पुरी–कोरापुट एक्सप्रेस स्पेशल तथा ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन से ब्रह्मपुर–उधना (सूरत) अमृत भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन विशेष रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही ब्रह्मपुर–उधना अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन साप्ताहिक तीन दिन के बजाय अब प्रतिदिन शुरू हो गया है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भुवनेश्वर स्थित रेल सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नांदेड़–मुंबई एक्सप्रेस, टनकपुर–नांदेड़ एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई तथा टनकपुर–पीलीभीत रेल सेवा का विस्तार शाहजहांपुर तक किए जाने का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री और रेल मंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुरी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने चल रही के दौरान रेलवे की तैयारियों की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे 300 से अधिक विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा। इसके अलावा 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त टिकट काउंटर, भोजन वितरण, सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं का व्यापक प्रबंध किया गया है।

नई पुरी–कोरापुट एक्सप्रेस लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी। यह ट्रेन पुरी और कोरापुट के बीच सीधी रेल सेवा उपलब्ध कराएगी, जिससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों, छात्रों, मरीजों, व्यापारियों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह ट्रेन खुर्दा रोड, भुवनेश्वर, अंगुल, संबलपुर, बरगढ़ रोड, बलांगीर, टिटलागढ़, केसिंगा, मुनीगुड़ा, रायगढ़ा, काकिरिगुमा और दमनजोड़ी सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
नियमित सेवा के तहत ट्रेन संख्या 18407/18408 पुरी–कोरापुट–पुरी एक्सप्रेस पुरी से प्रत्येक सोमवार, गुरुवार और शनिवार तथा कोरापुट से प्रत्येक मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी। विस्तृत समय-सारिणी रेलवे द्वारा अलग से जारी की जाएगी।
वहीं, ब्रह्मपुर–उधना (सूरत) अमृत भारत एक्सप्रेस को दैनिक किए जाने से ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात के बीच यात्रा और अधिक सुगम होगी। यह ट्रेन विशेष रूप से प्रवासी श्रमिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और उद्योगों से जुड़े यात्रियों के लिए लाभकारी साबित होगी तथा रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगी।
रेल मंत्रालय ने कहा कि नई रेल सेवाएं, ट्रेनों की बढ़ी हुई आवृत्ति और रथ यात्रा के लिए की गई विशेष व्यवस्थाएं पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देंगी तथा विकसित ओडिशा और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेंगी।
Jd News Vision