Breaking News

वसुधैव कुटुंबकम से ही संभव है आध्यात्मिक और भौतिक उन्नति : स्वामी कर्मवीर जी महाराज …

Jdnews Vision….

जेवर एयरपोर्ट का नाम किया जाए महर्षि दयानंद सरस्वती अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा : डॉ आर्य…

गाजियाबाद: : यहां स्थित आर्य बंधु बिल्डर्स के नए ऑफिस के उद्घाटन के अवसर पर आर्य जगत के सुप्रसिद्ध सन्यासी स्वामी कर्मवीर जी महाराज ने कहा कि वसुधैव कुटुंबकम से ही मनुष्य की आध्यात्मिक और भौतिक उन्नति संभव है। जब मनुष्य संपूर्ण वसुधा को अपना परिवार समझने लगता है, तब उसके भीतर व्याप्त तेरा मेरा के क्षुद्र स्वार्थ समाप्त होने लगते हैं। तब वह प्रेम की वास्तविक अभिव्यक्ति का मूल्य समझ जाता है। साथ ही अपना मौलिक धर्म भी उसकी समझ में आ जाता है। आध्यात्मिकता की इसी ऊंचाई से देखने पर उसके लिए मोक्ष भी दूर की कौड़ी नहीं रह जाता है। वसुधा को कुटुंब के रूप में अपनाने का अर्थ है कि हमने अपने चिंतन को बहुत ऊंचाई प्रदान कर दी है। इस ऊंचाई पर पहुंचने पर मनुष्य संसार के लिए सचमुच में एक देवता बन जाता है।

स्वामी जी महाराज ने कहा कि मनुष्य के लिए मोक्ष कोई दूर की चीज नहीं है वह उससे केवल एक कदम दूर खड़ा है। यदि हमने अपनी दृष्टि में वसुधावासियों के प्रति प्रेम को आश्रय दे दिया तो तमाम प्रकार के तनाव और दुराव हमसे दूर हो जाते हैं और उनके स्थान पर लगाव का वातावरण सृजित हो जाता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को सात्विक वृत्ति अपना कर सात्विक भोजन शैली को भी अपने जीवन में स्थान देना चाहिए। इस प्रकार की जीवन शैली से ही शरीर, स्वास्थ्य और सौंदर्य की रक्षा हो सकती है। आज मनुष्य का स्वास्थ्य इसलिए खराब है कि वह हर प्रकार के दुश्चिंतन को अपने भोजन के साथ भीतर जाने दे रहा है । जबकि दुश्चिंतन को सात्विकता के माध्यम से बाहर रोकने की आवश्यकता है। मनुष्य को चाहिए कि जितना कठोर परिश्रम के पश्चात उसे प्राप्त हुआ है उसमें ही वह संतोष करे। संतोष का अर्थ यह नहीं है कि कुछ पाने के लिए प्रयास ही न किया जाए।

इस अवसर पर आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश की न्याय सभा के प्रधान न्यायाधीश और गौतम बुद्ध नगर आर्य प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष डॉ राकेश कुमार आर्य ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट का नाम महर्षि दयानंद सरस्वती अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा करने के लिए हम सभी आर्यों को सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है। यह लड़ाई किसी एक जिले की या किसी एक व्यक्ति की नहीं है, यह संपूर्ण आर्य समाज की लड़ाई है। जिसे हम सबको मिलकर जीत में बदलना है। डॉ आर्य ने कहा कि महर्षि दयानंद जी महाराज इतिहास के ऐसे महानायक हैं जिनके कारण देश आजाद हुआ। उन्हीं के शिष्यों ने देश की आजादी के लिए कांग्रेस, जनसंघ , राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, हिंदू महासभा जैसे प्रत्येक राजनीतिक और सामाजिक संगठन पर कभी अपना वर्चस्व स्थापित किया था। आज आर्य समाज को अपने उसी गौरवशाली अतीत को प्राप्त करने की आवश्यकता है। यह तभी संभव है जब हम अपने इतिहास की वास्तविकता को समझें और आर्यो के द्वारा दिए गए बलिदानों के मूल्य को समझें। इसके लिए आवश्यक है कि सबसे पहले हम महर्षि दयानंद जी के अमूल्य योगदान को महत्व दिलाने के लिए वर्तमान सरकार से अपनी सामूहिक मांग रखें कि जेवर एयरपोर्ट का नाम महर्षि दयानंद सरस्वती अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा किया जाए।

उन्होंने कहा कि आगामी 22 अगस्त को ग्रेटर कैलाश में आयोजित होने वाले जेवर एयरपोर्ट नामकरण संघर्ष समिति के कार्यक्रम में हम सब अपनी सामूहिक आवाज से वर्तमान सरकार से अपनी मांग को मजबूती के साथ उठाएं।

इस अवसर पर महात्मा जितेंद्र भाटिया, आर्य जगत के मूर्धन्य विद्वान, शुद्धि आंदोलन को सतत गति प्रदान करने वाले और सुप्रसिद्ध आर्य भजनोपदेशक कुलदीप विद्यार्थी, आर्य प्रतिनिधि सभा गाजियाबाद के मंत्री सतवीर सिंह, कृष्ण मुनि जी महाराज, देव मुनि जी महाराज,मुजफ्फरनगर आर्य प्रतिनिधि सभा के जिला प्रधान सत्येंद्र आर्य, आर्य जगत के सुप्रसिद्ध विद्वान राजकुमार शास्त्री और कुंवरपाल शास्त्री , आर्य वीर दल और भाषा प्रचारिणी सभा गौतम बुद्ध नगर के प्रधान ब्रह्मचारी आर्य सागर, आर्य प्रतिनिधि सभा गाजियाबाद के प्रधान विजयपाल कसाना, केंद्रीय आर्य युवक परिषद के प्रधान अनिल आर्य आदि विद्वानों ने अपने विचार व्यक्त किये, और आर्य बंधु परिवार के मुखिया ज्ञानेंद्र सिंह आर्य,उनके सुपुत्र ओमेंद्र आर्य ,देवेंद्र आर्य और सत्येंद्र आर्य को इस बात का धन्यवाद ज्ञापित किया कि उन सब के भीतर ऋषि दयानंद जी की ज्योति जल रही है जो उनके दिव्य कार्यों को पूर्ण करने के लिए निरंतर कार्य करते रहते हैं। आर्य बंधु परिवार की ओर से आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सचिव रहे श्री ज्ञानेंद्र आर्य ने सभी उपस्थित महानुभावों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर श्री वेद प्रकाश आर्य, राकेश आर्य, आर्य प्रतिनिधि सभा गौतम बुद्ध नगर के उपाध्यक्ष महावीर सिंह आर्य, वेद प्रचारिणी सभा के जिला अध्यक्ष विजेंद्र सिंह आर्य, मंत्री हेमसिंह आर्य, कर्मवीर सिंह तोमर, मांगेराम आर्य, अजय आर्य एडवोकेट, चमन शास्त्री, नवाब सिंह आर्य, शेखर आर्य,सत्यवीर आर्य, दिवाकर आर्य आदि सहित सैकड़ो आर्य जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री निरंजन आर्य द्वारा किया गया। जबकि अध्यक्षता रामेश्वर सरपंच द्वारा की गई।

About admin

Check Also

सीएम योगी के आगमन से पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार हाउस अरेस्ट, आवास पर पुलिस का पहरा…

Jdnews Vision…. खेतागढ़ : : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा दौरे से पहले पुलिस-प्रशासन पूरी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *