Jdnews Vision…
बलरामपुर: : आदर्श नगर पालिका परिषद,बलरामपुर में अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ एवं अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्य के नेतृत्व में कर्मचारियों के हित में एक सराहनीय पहल की गई है। पहली बार किसी सेवानिवृत्त सफाई कर्मचारी को सेवानिवृत्ति के मात्र 72 घंटे के भीतर अर्जित अवकाश नगरीकरण की संपूर्ण धनराशि का भुगतान कर एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
नगर पालिका में कार्यरत सफाई कर्मचारी श्रीमती हजारा ने अपनी 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने के उपरांत 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुईं। सेवानिवृत्ति के तुरंत बाद आवश्यक अभिलेखीय एवं प्रशासनिक औपचारिकताएं पूर्ण कर उनके अर्जित अवकाश नगरीकरण की ₹7,48,800 (सात लाख अड़तालीस हजार आठ सौ रुपये) की धनराशि का भुगतान 3 अगस्त 2026 को कर दिया गया।

इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि नगर पालिका के प्रत्येक कर्मचारी का सम्मान एवं उनके वैधानिक देयों का समयबद्ध भुगतान परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्मचारियों के हितों का संरक्षण तथा उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद अनावश्यक भागदौड़ से मुक्ति दिलाना परिषद की कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्य ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप कर्मचारियों के सभी देयों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में श्रीमती हजारा के अवकाश नगरीकरण का भुगतान मात्र 72 घंटे में पूर्ण कर दिया गया,जिससे अन्य कर्मचारियों में भी विश्वास एवं उत्साह का वातावरण बना है।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस,कर निरीक्षक राजेश कुमार,जेई (सिविल) अविनाश यादव,जेई (जल) धर्मेंद्र गौड़,सफाई निरीक्षक दिवाकर पांडेय सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jd News Vision