Jdnews Vision….
लखनऊ : : उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने आज 14 अगस्त को प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में मध्यम से लेकर भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान जहां 28 जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है, वहीं राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के करीब 60 जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और आकाशीय बिजली गिरने का बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
मौसम में आए इस अचानक बदलाव का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक साफ तौर पर देखने को मिलेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, यूपी के दोनों ही संभागों (पूर्वी और पश्चिमी) में आज अनेक जगहों पर गरज और चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। कई इलाकों में बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
अगले तीन दिन पूरे प्रदेश पर भारी……
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के लिए आने वाले अगले तीन दिन बेहद संभलकर रहने वाले हैं। 16 अगस्त तक राज्य में बारिश का यह सिलसिला यूं ही लगातार बना रहेगा। इसके बाद 17 और 18 अगस्त को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में और पूर्वांचल के इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
हालांकि, 19 अगस्त से बारिश की रफ्तार पर थोड़ा ब्रेक लगता नजर आ सकता है, लेकिन फिर भी कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ती रहेंगी। इस लगातार हो रही बारिश की वजह से अगले चार दिनों के भीतर प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आएगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
28 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट….
मौसम विभाग ने आज सहारनपुर, शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाद, अमरोहा, संभल, रामपुर, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, संत रविदास नगर, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, फतेहपुर, बांदा, ललितपुर और महोबा जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और मूसलाधार बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा राजधानी लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई, फर्रूखाबाद, कन्नौज, बहराइच, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, उन्नाव, कानपुर, सुल्तानपुर, आंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और गाजीपुर में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।
दूसरी तरफ हापुड़, बुलंदशहर, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती और गोंडा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, अलीगढ़ और हाथरस में एक या दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं, हालांकि इन जिलों के लिए कोई खास चेतावनी जारी नहीं की गई है।
Jd News Vision