लखनऊ छावनी में राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ ने किया 101 करोड़ की परियोजनाओं का भूमि पूजन….

Jdnews Vision….

बदले गए प्रमुख बाजारों के अंग्रेजी नाम….

लखनऊ :  : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्रीय रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार, 30 अगस्त को लखनऊ छावनी के दिलकुशा लॉन परिसर में 101 करोड़ रुपये की लागत वाली 14 विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन किया।

इसके साथ ही रक्षा मंत्री ने छावनी क्षेत्र के प्रमुख बाजारों के अंग्रेजी नाम हटाकर उन्हें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और महान विभूतियों के नाम पर रखने की घोषणा की।

बाजारों के अंग्रेजी नाम बदलकर रखे गए नए नाम…..

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम में घोषणा करते हुए कहा कि छावनी क्षेत्र के बाजारों के नाम बदलना केवल एक औपचारिक काम नहीं है। उन्होंने साफ किया कि इस बदलाव का असली मकसद हमारी आने वाली पीढ़ी को देश के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और बड़ी हस्तियों के जीवन से प्रेरणा दिलाना है। रक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि छावनी क्षेत्र के कई बाजारों का नया नामकरण किया गया है। अब इन बाजारों को वीरांगना ऊदा देवी, लोकमाता अहिल्याबाई होलकर और देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जैसी महान हस्तियों के नाम से जाना जाएगा।

14 विकास परियोजनाओं से बदलेगी छावनी की सूरत…

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि छावनी में शुरू की जा रही ये 14 परियोजनाएं केवल विकास कार्य नहीं हैं। इनमें बच्चों की शिक्षा, युवाओं के रोजगार, स्वच्छ पेयजल, महिला सशक्तिकरण और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना भी शामिल है। उन्होंने बताया कि अब छावनी क्षेत्र के लोगों को अपने आवास में आवश्यक बदलाव और निर्माण के लिए भी अनुमति प्रदान की जा रही है। उन्होंने लखनऊ के तेजी से हो रहे विकास का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया। राजनाथ सिंह ने शहर में बेहतर जल आपूर्ति, शिक्षा, खेलकूद और बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज स्थापित है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का कद लगातार बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था और विकास को सराहा

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून का राज नहीं था। उस समय पूरे प्रदेश में अव्यवस्था, अभाव और अराजकता का माहौल था, लेकिन अब राज्य इन परिस्थितियों से उबर चुका है और तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ मेट्रो के दूसरे चरण का काम शुरू होने और उत्तर प्रदेश में पांच डिफेंस कॉरिडोर विकसित किए जाने का श्रेय केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के समन्वय से लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है।

कार्यक्रम में शामिल हुए कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी….

इस महत्वपूर्ण भूमि पूजन कार्यक्रम में कई बड़े नेता और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इनके अलावा उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। प्रशासनिक अधिकारियों में भारतीय रक्षा संपदा सेवा की महानिदेशक शोभा गुप्ता, मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता और रक्षा संपदा मध्य कमान की प्रधान निदेशक भावना सिंह के साथ कई अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी इस मौके पर मौजूद रहे।

About admin

Check Also

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नामकरण संघर्ष समिति की संचालन समिति का किया गया गठन 

Jdnews vision…. ग्रेटर नोयडा : : यहां एक विशेष बैठक में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *